लामाचौड़ में डांस के दौरान हर्ष फायरिंग, समाजसेवी की मौत
डीजे में डांस के दौरान चली गोली से एक युवक घायल हो गया। उसे एसटीएच में उपचार के लिए लाया गया है। जहां देर रात उसकी मौत हो गई।
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : डीजे में डांस के दौरान चली गोली से एक युवक घायल हो गया। उसे एसटीएच में उपचार के लिए लाया गया है। जहां देर रात उसकी मौत हो गई। जानकारी मिलने के बाद एसटीएच में युवकों का जमावड़ा लगा रहा। जबकि पुलिस को गोलीकांड की जानकारी बहुत देर में पता चली। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है। लामाचौड़ क्षेत्र में शुक्रवार रात एक शादी समारोह चल रहा था। डीजे में कई युवक डांस कर रहे थे। बताया जा रहा है कि स्थानीय समाजसेवी कौस्तुभ पलड़िया भी डांस फ्लोर पर थे। इस बीच अचानक किसी ने गोली चला दी। जो कि कौस्तुभ के कांधे के पास जा लगी। इसके अलावा कई छर्रे भी उन्हें लगे। आनन-फानन में बेहोशी की हालत में शादी में मौजूद लोग उन्हें एसटीएच लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक उनके उपचार में जुट गए। देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
वहीं मुखानी थाना व लामाचौड़ चौकी गोलीकांड की घटना से काफी देर तक अंजान रहा। देर रात मौत की खबर के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई। गोली चलाना खेल बना दिया हल्द्वानी में कमर में लाइसेंसी असलहा लगाना स्टेटस सिंबल बन चुका है। नेताओं व अधिकारियों से जुगाड़ लगाकर लोग लाइसेंस बना रहे हैं। शादी-समारोह में खुद को बड़ा दिखाने के चक्कर में लगातार हर्ष फाय¨रग की घटनाएं सामने आ रही है। चार माह पूर्व पंचायत घर रामलीला मंचन के दौरान बाहर सड़क पर तमंचे से चली गोली के छर्रे एक किशोर को लगे थे। वहीं सात दिन पूर्व बनभूलपुरा थाना क्षेत्र में भी डांस के दौरान चली गोली एक मैकेनिक को लगी थी। हर्ष फाय¨रग का आरोपित फरार बीते शनिवार को इंदिरानगर ठोकर के पास शादी से ठीक एक दिन पहले डांस के दौरान नदीम नामक युवक को वहीं सलमान ने तमंचे से गोली मार दी थी। घटना डीजे में डांस के दौरान हुई थी। गनीमत रही कि गोली युवक के पांव को छूकर निकल गई। वहीं फाय¨रग का आरोपित सलमान आठ दिन बाद भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
धार्मिक व सामाजिक संगठनों से जुड़े थे कौस्तुभ
समाजसेवी के तौर पर कौस्तुभ ने कम समय में इलाके में अच्छी पहचान बना ली थी। कई धार्मिक व सामाजिक संगठनों से जुड़े थे। मौत की सूचना पर अस्पताल से लेकर मोर्चरी तक लोगों का तांता लग गया। हर कोई इस घटना से हैरान है।
यह भी पढ़ें : नेपाल बॉर्डर पर बाघ की हड्डियों के संग तस्कर के पकड़े जाने के बाद महकमा अलर्ट