15 सौ रुपये के लेनदेन को लेकर सितारगंज में चली गोली, एक की हालत गंभीर nainital news
15 सौ रुपये की लेन-देन के मामूली से विवाद में दो पक्षों में शुक्रवार देर शाम गोली चल गई। इसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
सितारगंज (ऊधमसिंह नगर), जेएनएन : 15 सौ रुपये की लेन-देन के मामूली से विवाद में दो पक्षों में शुक्रवार देर शाम गोली चल गई। इसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे हल्द्वानी डॉ. सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस ने घायल युवक के भाई की तहरीर पर पिता-पुत्र के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर एक आरोपित को गिरफ्तार कर तमंचा भी बरामद कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शाबेपुर गांव के खेमकरण पुत्र बृजलाल का गांव के ही अंग्रेज सिंह के बेटे हरमन सिंह से 15 सौ रुपये की लेनदेन का विवाद चल रहा था। शुक्रवार को हरबंस सिंह ने खेमकरण को गांव में रोक लिया। रकम मांगने पर दोनों के बीच बहस होने लगी। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि हरबंस ने खेमकरण पर तमंचे से फायर झोंक दिया। गोली खेमकरण की जांघ में लगी। इस दौरान हरमन सिंह के पिता अंग्रेज सिंह ने भी खेमकरण के परिजनों से गाली-गलौज की। घायल खेमकरण को परिजन सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
पुलिस ने खेमकरण के भाई सतपाल सिंह की तहरीर पर हरमन व उसके पिता अंग्रेज सिंह के खिलाफ जानलेवा हमला का मुकदमा दर्ज कर लिया। मामले में कोतवाल सलाउद्दीन खान ने बताया कि खेमकरण का हरमन से उधार लेनदेन का मामला सामने आया है। बताया जाता है कि अंग्रेज पूर्व प्रधान है। हरमन को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से तमंचा भी बरामद हुआ है।
यह भी पढ़ें : फैक्ट्री में पहले जाने को लेकर रुद्रपुर में पारले चौक पर ट्रक चालक की हत्या