नैनीताल में भूस्खलन प्रभावित ठंडी रोड के लिए सीएम पुष्कर धामी ने की थी बजट की घोषणा, लेकिन...
नैनीताल में भूस्खलन प्रभावित ठंडी रोड की मरम्मत के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक करोड़़ रुपए जारी करने की घोषणा की थी। लेकिन बजट आज तक जारी नहीं हो सका है। जिस कारण ठंडी रोड की मरम्मत का काम अधूरा है।
नरेश कुमार, नैनीताल : नैनीताल भूस्खलन की जद में है। ठंडी रोड क्षेत्र में भूस्खलन वाले क्षेत्र के ट्रीटमेंट के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक करोड़ की घोषणा की थी, मगर अब तक बजट नहीं मिलने से पहाड़ी का ट्रीटमेंट शुरू नहीं हो सका है, यहां तक कि पांच माह से ठंडी सड़क पर पड़ा मलबा तक नहीं हटाया जा सका है।
पिछले साल जुलाई में ठंडी रोड स्थित पाषाण देवी मंदिर के समीप की पहाड़ी पर हल्का भूस्खलन हुआ था, मगर संबंधित विभागों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। 30 अगस्त को पहाड़ी पर भारी भूस्खलन हुआ, जिसके बाद दर्जनों पेड़ और बोल्डर के साथ भारी मलबा ठंडी सड़क और झील में आ गिरा। इससे कुमाऊं विवि के हास्टल भी भूस्खलन की जद में आ गया। डीएम धीराज गब्र्याल ने आठ लाख की धनराशि जारी कर लोनिवि को भूस्खलन रोकथाम के निर्देश दिए। लोनिवि ने शार्ट टर्म ट्रीटमेंट तो कर दिया, मगर भारी बारिश के सामने वह टिक नहीं पाया। जिससे करीब साढ़े सात लाख व्यर्थ चला गया।
2.8 करोड़ का शासन को भेजा है प्रस्ताव
सितंबर में पहाड़ी के ट्रीटमेंट की जिम्मेदारी लोनिवि से सिंचाई विभाग को दे दी गई। सिंचाई विभाग अधिशाषी अभियंता केएस चौहान ने बताया कि पहाड़ी के ट्रीटमेंट के लिए 2.8 करोड़ का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है। इसके अलावा ट्रीटमेंट से पूर्व पहाड़ी का जियोफिजिकल सर्वे समेत अन्य अध्ययन कराना अनिवार्य है। जिसमें करीब 15 लाख तक खर्च होगा। बजट मिलते ही सर्वे कार्य शुरू कर दिया जाएगा।