ड्यूटी के दौरान राजस्थान में बीएसएफ के जवान का निधन, कल पहुंचेगा पार्थिव शरीर
बीएसएफ के एक जवान का ड्यूटी के दौरान बाड़मेर (राजस्थान) में निधन हो गया है। सोमवार को उनका पार्थिव शरीर उनके गांव पहुंचेगा।
बागेश्वर, जेएनएन : बीएसएफ के एक जवान का ड्यूटी के दौरान बाड़मेर (राजस्थान) में निधन हो गया है। सोमवार को उनका पार्थिव शरीर उनके गांव पहुंचेगा। गांव में उनके निधन की सूचना मिलते ही माहौल गमगीन हो गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दफौट, नायल गांव निवासी प्रदीप सिंह दफौटी (40) पुत्र मोहन सिंह दफौटी बीएसएफ में बाड़मेर में तैनात थे। ड्यूटी के दौरान उनका निधन हो गया। रविवार को इसकी सूचना उनके गांव पहुंची। ग्राम प्रधान संतोष दफौटी ने बताया कि जवान के निधन की सूचना से गांव में गमगीन माहौल है। वह अपने पीछे माता गोविंदी देवी, पत्नी कविता, बेटी नन्नू, मन्नू और बेटा सत्यम को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं।
उनकी बड़ी बेटी नन्नू दसवीं, छोटी मन्नू आठवीं और बेटा सत्यम कक्षा चार में पढ़ता है। उनके पिता मोहन सिंह दफौटी बीएसएफ से सेवानिवृत्त हैं और घर में रहते हैं। उनके निधन पर वृक्ष प्रेमी किशन मलड़ा, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी आदि ने गहरा दुख जताया है।
इधर, उपजिलाधिकारी राजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि जवान का पार्थिव शरीर आज सोमवार को उनके घर पहुंचेगा। निधन के कारणों की जानकारी अभी प्राप्त नहीं है। पार्थिव शरीर आने के बाद ही घटना की असल जानकारी मिल सकेगी।