खतरे में नैनीताल व अल्मोड़ा जनपद को जोड़ने वाला ब्रिज, रैंप पर मिट्टी बिछाकर हो रही आवाजाही
अल्मोड़ा - नैनीताल जनपद की सीमा को जोड़ने वाला क्वारब पुल खतरे की जद में आ गया है। रैंप पर बिछाई गई मिट्टी के ऊपर वाहन आवाजाही कर रहे हैं। हालात इस कदर खराब है कि वर्षों पुराने पुल के दोनों ओर खतरा मंडराने लगा है।
गरमपानी, संवाद सहयोगी : अल्मोड़ा - नैनीताल जनपद की सीमा को जोड़ने वाला क्वारब पुल खतरे की जद में आ गया है। रैंप पर भूधंसाव के निशान साफ देखे जा रहे हैं। रैंप पर बिछाई गई मिट्टी के ऊपर वाहन आवाजाही कर रहे हैं। हालात इस कदर खराब है कि वर्षों पुराने पुल के दोनों ओर खतरा मंडराने लगा है। हालांकि विभागीय अधिकारी जल्द नए पुल निर्माण का दावा कर रहे हैं।
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर क्वारब क्षेत्र में नैनीताल तथा अल्मोड़ा जनपद की सीमा को जोड़ने को कोसी नदी पर बने करीब सौ वर्ष पुराने पुल पर खतरा मंडराने लगा है। पुल का रैंप जर्जर हालत में पहुंच चुका है।बीच पुल गड्डो पर बमुश्किल मिट्टी बिछा आवाजाही की जा रही है। जिससे दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है। पुल के दोनों ओर बने सुरक्षा को बनाए गए पैराफिट भी जवाब देने लगे हैं। वहीं पुल के बीचोबीच भूधंसाव के निशान भी साफ दिखने लगा है।
पुल पर रोजाना सैकड़ों वाहन आवाजाही करते हैं। तराई से पहाड़ व पहाड़ से तराई जाने वाले लोग इसी पुल का इस्तेमाल करते हैं। समय-समय पर संबंधित विभाग पुल पर रख रखाव के कार्य भी करता है पर अब पुल निर्माण को काफि अधिक समय बीत जाने तथा पुल पर वाहनों की मार भी ज्यादा पड़ने लगी है। रसद, खाद्यान्न, भवन निर्माण सामग्री से लदे वाहन भी इसी पुल से पहाड़ों को आवाजाही करते हैं। जिससे पुल पर दोगुना वजन बढ़ता है।
व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष पूरन लाल साह, महिपाल सिंह बिष्ट, प्रकाश जोशी, कुंदन सिंह, महेंद्र सिंह बिष्ट, विरेंद्र सिंह बिष्ट, फिरोज अहमद, महेंद्र सिंह रावत, मदन सुयाल आदि लोगों ने पुल को दुरुस्त किए जाने की मांग उठाई है। अंदेशा जताया है कि यदि मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया तो कभी भी बड़ा हादसा सामने आ सकता है।
सहायक अभियंता एनएच एलएम तिवारी ने बताया कि क्वारब क्षेत्र में नए पुल का निर्माण किया जाना है। मार्च अंतिम सप्ताह तक नए पुल का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। फिलहाल पुराने पुल का निरीक्षण कर निगरानी बढ़ाई जाएगी। खतरा टालने को ठोस कदम उठाए जाएंगे।
Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें