विस चुनाव के लिए बूथों को मजबूत करने प्रवास पर उतरा भाजपा हाइकमान, भीमताल से हुई शुरुआत
राज्य में भले ही विधानसभा चुनाव दो साल बाद हैं लेकिन भाजपा ने बूथ स्तर पर मजबूती के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं।
हल्द्वानी, जेएनएन : राज्य में भले ही विधानसभा चुनाव दो साल बाद हैं, लेकिन भाजपा ने बूथ स्तर पर मजबूती के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके लिए पार्टी हाइकमान ने 70 विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास कार्यक्रम शुरू कर दिया है। भीमताल से शुरुआत हो चुकी है। वहां पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार प्रवास पर रहे।
नैनीताल व भीमताल विधानसभा प्रवास के संयोजक व प्रदेश प्रवक्ता प्रकाश रावत ने बताया कि भीमताल में 11 जुलाई को प्रवास कार्यक्रम हुआ। इसमें 17 पदाधिकारी शामिल रहे। आगे यह प्रवास कार्यक्रम 25 जुलाई तक चलेगा। सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में यह आयोजन होगा। इस प्रवास में राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू, प्रदेश के महामंत्री राजेंद्र भंडारी, कुलदीप कुमार, महामंत्री संगठन अजेय कुमार, व बीस सूत्रीय क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष नरेश बंसल शामिल रहेंगे।
जिले में संयोजक की इन्हें मिली जिम्मेदारी
प्रदेश प्रवक्ता ने बताया कि लालकुआं के संयोजक प्रदेश मंत्री राजेंद्र सिंह बिष्ट, रामनगर व कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौहान को संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।
प्रवास कार्यक्रम में ये रहेंगे मौजूद
पार्टी के राष्ट्रीय व राज्य स्तर के पदाधिकारी के अलावा उस विधानसभा क्षेत्र में रहने वाले सांसद, विधायक व पिछले चुनाव में विधायक प्रत्याशी रहे नेता शामिल रहेंगे। इसके अलावा मंडल के अध्यक्ष व महामंत्री, प्रदेश व जिले के पदाधिकारी, जिला पंचायत सदस्य से ऊपर के जनप्रतिनिधि भी शामिल रहेंगे।
ये है प्रवास का उद्देश्य
प्रवास कार्यक्रम का उद्देश्य प्रत्येक विधानसभा में बूथ व शक्ति केंद्रों को मजबूत करना है। बूथ स्तर पर प्रत्येक बूथ पर दो व्हाट्सएप गु्रप बनाना है। कोरोनाकाल में कार्यक्रमों की जानकारी लेना। अंत में अनिवार्य रूप से पौधारोपण का कार्यक्रम होगा।