भाजपा ने यशपाल और संजीव की सियासी घेराबंदी की तेज, बोले-सिर्फ स्वार्थ के लिए ज्वाइन की थी पार्टी
भाजपा ने नैनीताल विस क्षेत्र में चुनावी तैयारी तेज कर दी है। संभावित दावेदारों ने पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य व पूर्व विधायक संजीव आर्य की घेराबंदी तेज कर दी है। आरोप लगाया है कि जब उन्हें मलाई नहीं मिली और स्वार्थ पूरा नहीं हुआ तो उन्होंने दल बदल लिया।
जागरण संवाददाता, नैनीताल : भाजपा ने नैनीताल विस क्षेत्र में चुनावी तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में पार्टी के संभावित दावेदारों ने पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य व पूर्व विधायक संजीव आर्य की घेराबंदी तेज कर दी है। आरोप लगाया है कि जब उन्हें मलाई नहीं मिली और स्वार्थ पूरा नहीं हुआ तो उन्होंने दल बदल लिया। आरोप लगाया कि विधायक रहते संजीव ने सिर्फ चहेतों व कांग्रेसियों का विकास किया। विधान सभा क्षेत्र में जो भी विकास हुआ, वह भाजपा सरकार के बलबूते हुए।
शुक्रवार को भाजपा नेता मोहन पाल, जिला मंत्री हरीश भट्ट, वरिष्ठ नेता अरविंद पडियार व नगर अध्यक्ष आनंद बिष्ट ने बोट हाउस क्लब में प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा पिता-पुत्र ने स्वार्थ की खातिर भाजपा ज्वाइन की थी। इस दलबदल से पूरे विधान सभा क्षेत्र की जनता नाराज है। निवर्तमान विधायक ने आपदा पीडि़तों की मदद के समय दल बदलकर उन्हें मदद दिलाने के बजाय स्वार्थ के लिए पार्टी छोड़ी। चार साल तक विधायक रहते संजीव ने सिर्फ चहेतों के काम किए। भाजपा सरकार ने कांग्रेस का चेयरमैन होने के बाद भी नैनीताल को 11.33 करोड़ की विशेष सहायता प्रदान की, ताकि कर्मचारियों को पेंशन, भत्ते व रिटायर कर्मचारियों के देयकों का भुगतान हो।
भाजपा नेता अरविंद ने आरोप लगाया कि पालिका इस धनराशि को निर्माण कार्य में खर्च करने की कोशिश कर रही है, जिसका पुरजोर विरोध होगाा। जिलामंत्री हरीश ने कहा पूरे विस क्षेत्र में मजबूत संगठन है। घर चलो, गांव चलो अभियान शुरू हो चुका है। भाजपा नेता पाल ने कहा कि पिता-पुत्र को भाजपा सरकार में मलाई खाने को नहीं मिली तो कांग्रेस में चले गए। इस दौरान संतोष साह, मनीष साह आदि मौजूद थे।