भगवंत मान ने बीते साल तराई में निकाली थी संकल्प यात्रा, बुलंद की थी किसानों की आवाज
पंजाब में आम आदमी पार्टी से मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित भगवंत मान ने 15 से 17 नवंबर तक उत्तराखंड का दौरा कर तराई में संकल्प यात्रा से आप के पक्ष में सियासी माहौल बनाने की कोशिश भी की थी।
नैनीताल, जागरण संवाददाता : पंजाब में आम आदमी पार्टी से मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित भगवंत मान बीते साल उत्तराखंड के ऊधमसिंहनगर जिले में आप की पैठ को मजबूत करने के लिए पहुंचे थे। तब आप नेता भगवंत मान ने 15 से 17 नवंबर तक उत्तराखंड का दौरा कर तराई में संकल्प यात्रा से आप के पक्ष में सियासी माहौल बनाने की कोशिश भी की थी। यात्रा को अच्छा खासा समर्थन भी मिला था। वहीं अब पंजाब में सीएम का चेहरा घाेषित होने के बाद से सूबे नेताओं में जश्न का माहौल है। उनका दावा है कि पंजाब में आप की बहुमत से सरकार बनाने जा रही है। इसके साथ ही वे कहते हैं कि पार्टी उत्तराखंड में भी शानदार प्रदर्शन करने वाली है।
उत्तराखंड आम आदमी पार्टी के कैंपेनिंग कमेटी के अध्यक्ष और काशीपुर से प्रत्याशी दीपक बाली का कहते हैं कि आप ने पंजाब में भगवंत मान को सीएम का चेहरा बनाकर सत्ता में आने की पार्टी की राह को और आसान बना दिया है। इसका प्रभाव उत्तराखंड में भी देखने के लिए मिलेगा। बीते साल मान ने तराई में संकल्प यात्रा निकाल कर पार्टी के विकास परक सिद्धांतों को जनजन तक पहुंचाया था। वहीं किसान आंदोलन को तराई के किसानों ने भी धार दी थी। जिससे भगवंत मान काफी प्रभावित भी हुए थे। उन्होंने ने भी कई मंचों पर किसानों का मुखर समर्थन किया। आप किसान, युवा और जवानों का दर्द समझती है। दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आप की सरकार शानदार काम कर रही है।
जसपुर से खटीमा तक निकलेगी आप की संकल्प यात्रा
बीते साल भगवंत मान ने किसानों के मुद्दों को लेकर जसपुर से खटीमा तक संकल्प यात्रा निकाली थी। यात्रा के दौरान किसानों के हक की आवाज उठाने और कृषि कानूनों के विरोध में हुंकार भरी गई थी। तीन दिनों में यात्रा जसपुर विधानसभा से शुरू होकर खटीमा विधानसभा तक पहुंची थी। आप का दावा है कि फसलों के नुकसान पर सबसे ज्यादा मुआवजा केजरीवाल सरकार दे रही है। वहां 50 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर का मुआवजा दिया जा रहा है। इसी तर्ज पर उत्तराखंड के किसानों को मुआवजा मिलना चाहिए।