UK Board 10th & 12 Result 2020 : ब्यूटी वत्सल : छठी क्लास में टाॅप करने का तय किया था लक्ष्य...2020 में हासिल कर लिया...शाबाश बेटी
इस उम्र में जब युवा अपना सबसे कीमती वक्त सोशल मीडिया और गेम खेलने में जाया करते हैं तब उसने संयम रखकर अनुशान के साथ पढ़ाई की।
काशीपुर/जसपुर, जेएनएन : इस उम्र में जब युवा अपना सबसे कीमती वक्त सोशल मीडिया और गेम खेलने में जाया करते हैं, तब उसने संयम रखकर अनुशासन के साथ पढ़ाई की। उसे अपने पिता के संघर्षों का आभास था। पता था कि किराए के मकान में रहकर एक छोटे से जनरल स्टोर में जिंदगी की मामूली जरूरतें भी आसानी से पूरी नहीं हाे सकतीं। फिर भी पिता ने और खर्चों में कटौती कर पढ़ाई जारी रखने के साथ अलग से ट्यूशन भी दिलाई। इन साब बातों का ब्यूटी वत्सल ने मान रखा और आज वो सूबे का चमकता हुआ चेहरा है। ब्यूटी ने सर्वाधिक अंक हासिल कर 12वीं में उत्तराखंड बोर्ड टॉप किया है। आज वह पिता की पहचान बनी है।
ब्यूटी मूल रूप से डोरीवाला जसपुर निवासी है। वर्तमान में परिवार जसपुर में एक छोटे से घर में किराए पर रहता है। बात आठ साल पहले 2012 की है। तब ब्यूटी छठी क्याल में थी। उत्तराखंड बोर्ड 12वीं का रिजल्ट आया था। उस समय ईरम सैफी ने सर्वाधिक अंक हासिल कर प्रदेश टॉप किया था। तब ईरम की उपलब्धियों की चर्चा हर तरफ थी। इरम दी की उपलब्धि ने ब्यूटी को प्रभावित किया। तब उस क्यूट सी बच्ची ब्यूटी ने इरम से पूछा था-दी मुझे भी टॉप करना है। इरम भी ब्यूटी के सीखने और उत्सुकता से प्रभावित थी। उसने ब्यूटी को प्रेरित किया। इरम की उपलब्धियों की छवि ब्यूटी की जेहन में हमेशा बनी रही।
उसने लगातार मेहनत की। सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखी। हर दिन साइकिल से स्कूल और ट्यूटशन जाती। हाईस्कूल में 96 फीसद अंकों के साथ जिले में 19वीं रैंक हासिल की। लेकिन परिणाम वैसे नहीं रहे जिसकी उसे अपेक्षा थी। उसने और मेहनत शुरू की। 12वीं के लिए जमकर पढ़ाई की। अब ब्यूटी ने वो हासिल किया जो छठीं क्लास में तय किया था। ब्यूटी ने बता दिया कि अगर आपके पास लक्ष्य और उसे हासिल करने के लिए इमानदरी और शिद्दत से जुटे हैं तो आप सफलता जरूर हासिल कर सकते हैं। ब्यूटी इस बात की नजीर बनी है।
डॉक्टर बनना चाहती है ब्यूटी
ब्यूटी मेडिकल में अपना कॅरियर बनाना चाहती है। इसलिए उसने अपना सब्जेक्ट भी बायलॉजी रखा है । उसे इस सब्जेक्ट में 99 फीसद अंक मिले हैं। ब्यूटी नीट की तैयारी में भी लगी है। अपने सपने सपने काे पूरा करने के लिए वो दिन रात जुटी है। उसे उम्मीद है कि वह अच्छे अंकों के साथ नीट पास करेगी और गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के लिए दाखिला लेगी। ब्यूटी का वर्तमान उसके भविष्य के सफलता की तस्दीक करता है।
शिक्षकों व परिजनों को दिया श्रेय
ब्यूटी ने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों के साथ अपने माता-पिता को दिया है। उसने कहा कि यहां तक मुझे पहुंचाने में सबका असाधारण सहयोग रहा। इसे कभी नहीं भूल सकती। ब्यूटी का छोटा भाई नौवीं की छात्र है। पूर्व विधायक शैलेंद्र मोहन ने ब्यूटी की उपलब्धियों को देखते हुए 11000 रुपये देकर सम्मानिक किया है। तो मौजूदा विधायक आदेश चौहान ने भी बिटिया को पुरस्कृत किया है।