जिंदा को मृत दिखाकर जमीन हड़पने के आरोपित भाई-बहन के घर कुर्की नोटिस चस्पा
धोखाधड़ी के आरोप में लंबे समय से फरार चल रहे भाई-बहन के घर पर कुर्की का नोटिस चस्पा किया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने ऊधमसिंहनगर के बगुलिया गांव में जीवित व्यक्ति को मृत दिखाकर एवं फर्जी दस्तावेजों के सहारे 125 एकड़ भूमि हड़पी थी।
खटीमा, संवाद सहयोगी : पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर धोखाधड़ी के आरोप में लंबे समय से फरार चल रहे भाई-बहन के घर पर कुर्की का नोटिस चस्पा किया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने ऊधमसिंहनगर के बगुलिया गांव में जीवित व्यक्ति को मृत दिखाकर एवं फर्जी दस्तावेजों के सहारे 125 एकड़ भूमि हड़पी थी।
पुलिस ने सात नवंबर 2020 को उच्च न्यायालय के आदेश पर बगुलिया निवासी कश्मीर सिंह की शिकायत पर बगुलिया गांव निवासी किरन तलवार, जार्निया तलवार, राम आत्रद, सतीश सक्सेना, निर्मल सिंह, सोहन सिंह, प्रतापपुर निवासी बलविंदर कौर, दिलबाग सिंह, बगुलिया की सुरेंद्र कौर, सोहन सिंह, चरन कौर, प्रिंस सिंह, मीरा देवी, युवराज, सहाना प्रसाद, जागीर कौर के विरुद्घ धारा 420, 467, 468, 471 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया था।
कश्मीर का आरोप है कि आरोपितों ने जीवित व्यक्तियों के जाली मृत्यु प्रमाण पत्र बनाकर वसीयत अपने नाम कर जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया है। जिस भूमि को धोखाधड़ी कर अपने नाम किया गया है। वह भूमि आठ लोगों के नाम दर्ज है। जिसमें दो लोग आज भी जिंदा है।
विवेचना कर रहे एसएसआइ लक्ष्मण सिंह ने बताया कि इस मामले का 13 लोग नामजद हैं, जिसमें से चार को गिरफ्तार किया जा चुका है। चार का पता तस्दीक नहीं हो पा रहा है। एक आरोपित ने न्यायालय से स्टे प्राप्त कर रखा है। चार आरोपित फरार चल रहे है। जिसमें अशोक फार्म निवासी युवराज तलवार व जार्निया तलवार के विरुद्घ न्यायालय के आदेश पर 82 की कार्रवाई की गई।
रविवार को उनके घरों पर कुर्की का नोटिस चस्पा किया गया है। दोनों आरोपित आपस में भाई-बहन है। इसके बाद अब जल्द ही न्यायालय के आदेश पर उनके घरों पर कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। इससे पूर्व न्यायालय से उनके विरुद्घ गिरफ्तारी वारंट भी लिया गया था।
Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें