छुट्टी पर घर आए असम राइफल्स के जवान की सीने में अचानक दर्द उठने से मौत nainital news
अवकाश पर घर आए पचपकरिया ग्राम सभा निवासी असम राइफल्स के एक जवान की शनिवार देर सायं अचानक पेट और सीने में दर्द उठने के बाद मौत हो गई।
बनबसा, जेएनएन : अवकाश पर घर आए बनबसा के पचपकरिया गांव निवासी असम राइफल्स के एक जवान की शनिवार देर शाम अचानक पेट और सीने में दर्द उठने के बाद मौत हो गई। रविवार दोपहर बाद शारदा नदी के किनारे जवान का अंतिम संस्कार किया गया। जवान गुवाहटी के लोउर हॉफ लोंग में राइफलमैन के पद पर तैनात था, जो 22 फरवरी को 28 दिन के अवकाश पर घर आया था।
उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में ही तोड़ा दम
पचपकरिया निवासी 36 वर्षीय प्रेम कुमार पुत्र रामी राम अवकाश पर घर आए हुए थे। शनिवार देर शाम उसके पेट और सीने में अचानक दर्द होने कि शिकायत उसने अपने परिजनों से की। जिसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए खटीमा अस्पताल ले गए, लेकिन जवान ने अस्पताल पहुंचने से पूर्व मार्ग में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। जवान प्रेम कुमार अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों और माता- पिता को रोते बिलखते छोड़ गए। जवान प्रेम के पिता रामी राम भी असम राइफल्स में अपनी सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हुए हैं। रामी राम के परिवार में दो पुत्र थे। उनके दोनों बेटों का देहांत हो चुका है। उसके बड़े बेटे की सात वर्ष पूर्व सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी है। जबकि उनकी एक पुत्री है जिसका भी विवाह हो चुका है।
गांव के लोगों ने नम आंखों से किया अंतिम संस्कार
पचपकरिया के ग्राम प्रधान महेश मुरारी ने बताया कि प्रेम कुमार 22 फरवरी को अवकाश पर गांव आए थे। उसकी अचानक मौत से गांव में शोक की लहर है। रविवार को दोपहर बाद शारदा तट पर उसका अंतिम संस्कार किया गया। लोगों ने नम आंखों से प्रेम कुमार को अंतिम विदाई दी। प्रेम कुमार की चिता को उनके चचेरे भाई ने मुखाग्नि दी। प्रेम कुमार के दो बच्चों में बड़ा लड़का मिनाल कक्षा चार में और मयंक एलकेजी मैक्सटन स्ट्रांग स्कूल में पढते है।
यह भी पढ़ें : बच्चों की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने पर दें ध्यान, संक्रमण का असर होगा कम ग
यह भी पढ़ें : रुद्रपुर में फंदे से लटककर युवक ने दी जान, परिवार में मचा कोहराम