पालिसी के नाम पर किसान से सढ़े तीन करोड़ की धोखाधड़ी करने वाला गिरफ्तार
बुलंदशहर निवासी ललित गिरी पुत्र देवेंद्र गिरी को गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में ललित गिरी ने बताया कि वह अपने साथी इंदिरापुरम गाजियाबाद निवासी देवेंद्र त्यागी उर्फ आदित्य त्यागी उर्फ विशाल त्यागी और सोनू गिरी के साथ पॉलिसी के नाम पर धोखाधड़ी करता है।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर : रिलायंस लाइफ इंश्योरेंस बीमा पालिसी के नाम पर हल्द्वानी निवासी व्यक्ति से 3.50 करोड़ की धोखाधड़ी करने वाले ठग को साइबर थाना पुलिस ने गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से एक मोबाइल, चार डेबिट कार्ड और दिल्ली मेट्रो का कार्ड बरामद हुआ। इस ठगी में शामिल दो अन्य साथियों को राजस्थान पुलिस ने वहां ठगी के मामले में कुछ दिन पहले ही जेल भेजा है।
स्पेशल टॉस्क फोर्स के एसएसपी अजय ङ्क्षसह ने बताया कि हल्द्वानी निवासी चंद्र प्रकाश जोशी को रिलायंस इंश्योरेंस कंपनी का प्रतिनिधि बनकर साइबर ठगों ने कॉल की थी। कहा कि उनकी पालिसी पूर्ण हो गई है। उन्होंने बोनस की धनराशि का प्रलोभन देकर उनसे अलग-अलग खातों में शुल्क के नाम पर साढ़े तीन करोड़ रुपये जमा करा लिए। ठगी काअहसास होने पर चंद्र प्रकाश ने साइबर थाना रुद्रपुर में शिकायत की थी। इस पर साइबर थाना प्रभारी ललित मोहन जोशी के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
जांच के दौरान मोबाइल नंबर, ई-मेल आइडी, ई-वॉलेट, तथा बैंक खातों के बारे में जानकारी की गई तो पता चला कि धनराशि दिल्ली, एनसीआर, उप्र, राजस्थान, मध्यप्रदेश आदि राज्यों के बैंक खातों में जमा कराई गई थी। मोबाइल नंबर भी इन राज्यों के निवासियों के नाम पर पंजीकृत मिले। सारी जानकारी जुटाने के बाद ललित मोहन जोशी के नेतृत्व में टीम ने गाजियाबाद में दबिश दी। जहां ग्राम व पोस्ट रंगपुर, तहसील शिकारपुर, थाना सलेमपुर, बुलंदशहर निवासी ललित गिरी पुत्र देवेंद्र गिरी को गिरफ्तार कर लिया।
देवेंद्र व सोनू करते थे कॉल
पुलिस पूछताछ में ललित गिरी ने बताया कि वह अपने साथी इंदिरापुरम्, गाजियाबाद निवासी देवेंद्र त्यागी उर्फ आदित्य त्यागी उर्फ विशाल त्यागी और सोनू गिरी के साथ पॉलिसी के नाम पर धोखाधड़ी करता है। लोगों को कॉल देवेंद्र त्यागी एवं सोनू गिरी करते थे।
धोखाधड़ी के केस में राजस्थान जेल में हैं दो साथी
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि गिरफ्तार ललित गिरी और उसके साथियों ने देश भर में कई अन्य लोगों को भी शिकार बनाया है। इस मामले में अन्य राज्यों की पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है। पालिसी के नाम पर ठगी करने में शामिल अन्य आरोपितों के संबंध में जानकारी जुटाई तो पता चला कि देवेंद्र त्यागी, सोनू गिरी एवं अशोक कुमार को जयपुर (राजस्थान) के शास्त्री नगर थाना पुलिस साइबर धोखाधड़ी के एक अन्य मामले में कुछ दिन पूर्व गिरफ्तार कर चुकी है। बताया कि तीनों को जल्द ही वारंट पर उत्तराखंड लाया जाएगा।
अपराध का तरीका
आरोपित बीमा कंपनी का प्रतिनिधि बनकर कॉल करते थे। इस दौरान वह फोन कर बीमा पॉलिसी के नवीनीकरण, बोनस, परिपक्वता पर प्राप्त धनराशि को अन्य पॉलिसी या व्यापार आदि में निवेश कर अधिक मुनाफा कमाने का लालच देते थे। साथ ही उनसे अलग-अलग शुल्क, रजिस्ट्रेशन फीस आदि के नाम पर धनराशि विभिन्न बैंक खातों में जमा करा लेते थे। इसके लिए वह फर्जी नाम, पते, आइडी पर सिम रखने के साथ ही बैंक खाते खोलते हैं तथा फर्जी मेल आइडी भी बनाते हैं।