विधायक ठुकराल का एक और विवादित आडियो वायरल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक और शिक्षा मंत्री को बताया भ्रष्ट
विधायक राजकुमार ठुकराल का एक और आडियो वायरल हो रहा है। जिसमें वह अपने ही मंत्रियों और विधायकों पर एक के बाद एक आरोप लगा रहे हैं। आडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ऐसे में भाजपा विधायक की मुश्किलें अब बढ़ सकती हैं।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर : विधायक राजकुमार ठुकराल की मुश्किल कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। तीन दिन पहले ही एक आडियो वायरल हुई थी, जिसमें हिंदू विरोधी बयानबाजी करने का मामला ठंडा भी नहीं हुआ था कि एक और आडियो तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सहित जिले के दो विधायकों को वह भ्रष्ट बता रहे हैं। ऐसे में भाजपा विधायक की मुश्किलें अब बढ़ सकती हैं।
आए दिन अपने ही बयानों से विवादों में घिरे रहने वाले विधायक राजकुमार ठुकराल का एक और आडियो वायरल हो रहा है। जिसमें वह अपने ही मंत्रियों और विधायकों पर एक के बाद एक आरोप लगा रहे हैं। आडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अभी तीन दिन पहले हिंदुओं के खिलाफ बयानबाजी का आडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद हिंदू संगठनों ने ठुकराल का पुतला फूंक कर विरोध जताया था।
शनिवार को अब एक अन्य आडियो फेसबुक और वाट्सअप पर तेजी से फैल रहा है। आडियो में विधायक ठुकराल कहते सुने जा रहे हैं कि अरविंद पांडेय को हर काम का पैसा देना पड़ता है। उनके यहां बाथरूम भी करो तो उसका भी पैसा देना हाेता है। वह मंत्रियों में सबसे भ्रष्ट मंत्री है। जबकि विधायकों में सबसे भ्रष्ट विधायक किच्छा वाले हैं। इससे पहले मदन कौशिक थे। अब लोकप्रिय बन गए हैं।
राजेश शुक्ला पैसे लेने से वंचित रह गए तो वो भी उन तीन विधायकों से कम नहीं है। आडियो के वायरल होने पर पार्टी में हड़कंप मच गया है। इधर विधायक राजकुमार ठुकराल ने वायरल आडियो पर कहा कि मेरी आडियो नहीं है। इन लोगों को बेनकाब करूंगा जो आडियो बनाकर वायरल कर रहे हैं। इस संबंध में एसएसपी को तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।