महिला की हत्या के बाद शव को तीन टुकड़ों में काटने वाला आरोपित पंजाब से हुआ गिरफ्तार
ट्रांजिट कैंप में प्रेमिका से पत्नी बनी महिला की हत्या कर शव के तीन टुकड़े करने वाले आरोपित पति को पुलिस ने पंजाब से गिरफ्तार कर लिया।
रुद्रपुर, जेएनएन : ट्रांजिट कैंप में प्रेमिका से पत्नी बनी महिला की हत्या कर शव के तीन टुकड़े करने वाले आरोपित पति को पुलिस ने पंजाब से गिरफ्तार कर लिया। हत्या के षडय़ंत्र और शव को ठिकाने लगाने में संलिप्त उसका साथी भी पकड़ा गया। दोनों को जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी बरिंदरजीत सिंह ने बताया कि 22 सितंबर की रात ट्रांजिट कैंप में एक कमरे में महिला का शव मिला। उसके तीन टुकड़े किए गए थे। उसकी शिनाख्त गीता निवासी रेशमबाड़ी के रूप में हुई। इस दौरान पता चला कि वह पति हेतराम और पांच बच्चों को छोड़कर 11 माह पहले प्रेमी प्रेमपाल निवासी भैसिया, बहेड़ी, बरेली के साथ रह रही थी। इस दौरान दोनों ने शादी भी कर ली थी।
एसएसपी ने बताया कि पहले पति हेतराम की तहरीर के आधार पर प्रेमपाल के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया था। प्रेमपाल की तलाश की जा रही थी। जांच के दौरान पता चला कि पूर्व में प्रेमपाल बागेश्वर मजदूरी करने गया था। वहां से पूछताछ के बाद पुलिस तलाश में चंदौसी (यूपी) पहुंची, जहां से प्रेमपाल की लोकेशन पंजाब मिली। इस पर पुलिस ने प्रेमपाल को पंजाब के बुलोवाल, जिला होशियारपुर से गिरफ्तार कर लिया।
उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सना चापड़ ट्रांजिट कैंप स्थित किराए के कमरे से बरामद हो गया। पूछताछ में प्रेमपाल ने बताया कि वह बागेश्वर की एक अन्य महिला से प्रेम करने लगा था। इसकी जानकारी गीता को हो गई थी। इसे लेकर घर में विवाद होने लगा था। 21 सितंबर की रात उसने गीता के साथ पहले शराब पी। उसके बाद गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद वह अपने दोस्त ट्रांजिट कैंप, विवेकनगर निवासी सुरेंद्र पाल के कमरे में पहुंचा और उसे गीता की हत्या की बात बताई। इसके बाद दोनों ने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। 22 सितंबर की रात दोनों कमरे में गए और शव के चापड़ से तीन टुकड़े कर दिए। सुरेंद्र शव को ठिकाने लगाने के लिए बाइक लेने के लिए गया। इसी बीच कमरे से आ रही आवाज को सुनकर मकान मालिक के पुत्र ने दरवाजा खोल दिया। खून देखकर उसने शोर मचा दिया। इस पर दोनों शव वहीं छोड़कर फरार हो गए।पुलिस ने सुरेंद्र को भी उसके विवेकनगर स्थित किराए के कमरे से गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में प्रेमपाल और सुरेंद्र को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।