Nainital Coronavirus News Update : एसटीएच में कुमाऊं भर के 226 काेरोना पॉजिटिव भर्ती, 100 की हालत गंभीर
Nainital Coronavirus News Update सुशीला तिवारी कोविड अस्पताल में कुमाऊं भर के 226 काेरोना पॉजिटिव भर्ती जिनमें 100 की हालत गंभीर बनी हुई है।
हल्द्वानी, जेएनएन : Nainital Coronavirus News Update : कोरोना का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। शनिवार को जिले में 110 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसमें नैनीताल के 53 कैदी समेत एक जेल कर्मी भी शामिल है। वहीं एसटीएच में कुमाऊं के तीन मरीजों की मौत हुई है। सुशीला तिवारी कोविड अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुण जोशी ने बताया कि अल्मोड़ा निवासी 74 वर्षीय मरीज कोरोना संक्रमित होने के साथ ही डायबिटीज, हार्ट डिजीज से ग्रस्त थे। उसे आइसीयू में भर्ती किया गया था। शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। किच्छा निवासी 55 वर्षीय महिला भी कई बीमारियों से ग्रस्त था। गंभीर स्थिति में भर्ती किया गया था। उसकी मौत हो गई। इसके अलावा हल्द्वानी निवासी 50 वर्षीय महिला डायबिटीज, किडनी फेल्योर, निमोनिया से ग्रस्त थी। देर शाम उसने दम तोड़ दिया। स्टेट हेल्थ बुलेटिन के अनुसार जिले में 110 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। एसटीएच में 226 मरीज भर्ती हैं। इसमें से 100 मरीजों की हालत गंभीर है।
नैनीताल में अब तक सर्वाधिक 57 लोग संक्रमित
शहर में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ते जा रहे है। पहली बार सबसे अधिक 57 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें 53 जिला कारागार के कैदी और एक जेलकर्मी शामिल है। कारागार में पॉजिटिव आए लोगों को जेल में ही आइसोलेट करने के साथ ही अन्य को कोविड केयर सेंटर भेज दिया गया है। पीएमएस डॉ केएस धामी ने बताया कि इसके अलावा रैपिड एंटीजन टेस्ट में एक अन्य व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। पॉजिटिव आए लोगों में एक उत्तराखंंड प्रशासनिक अकादमी, एक लोनिवि कर्मी एक पुलिसकर्मी शामिल है। कोविड केयर सेंटर भेज दिया गया है। एसडीएम विनोद कुमार ने बताया कि जेल कर्मियों को जेल में ही आइसोलेट किया जा रहा है, जबकि अन्य को कोविड केयर सेंटर भेजा गया है।
रामनगर में बैंक कर्मचारी पॉजिटिव
रामनगर में कोरोना के नोडल अधिकारी डा. प्रशांत कौशिक ने बताया कि नौ लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इनमें आइसीआइसीआइ बैंक का कर्मचारी भी है।
गदरपुर भागी गर्भवती पहुंची एसटीएच
एसटीएच से भागी गर्भवती गदरपुर मायके में पहुंच गई थी। शनिवार को पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीम उसे वापस ले आई और अस्पताल में भर्ती कर दिया है।
सरकारी से ज्यादा प्राइवेट लैब में मिले पॉजिटिव
हेल्थ बुलेटिन के अनुसार शनिवार को 110 मरीज पॉजिटिव पाए गए थे, जिसमें से 30 लोगों की रिपोर्ट सरकारी लैब और 80 लोगों की जांच निजी लैब से आई है।