साल 2021 हज यात्रा की गाइडलाइन जारी, दस दिसंबर तक करें आवेदन
मुस्लिमों की प्रसिद्ध धार्मिक हज यात्रा की गाइडलाइन जारी हो गई है। कोविड-19 को देखते हुए साल 2021 की हज यात्रा में कई बदलाव किए गए हैं। 18 साल से कम आयु के लोगों को हज पर जाने की अनुमति नहीं है।
हल्द्वानी, जेएनएन : मुस्लिमों की प्रसिद्ध धार्मिक हज यात्रा की गाइडलाइन जारी हो गई है। कोविड-19 को देखते हुए साल 2021 की हज यात्रा में कई बदलाव किए गए हैं। 18 साल से कम आयु के लोगों को हज पर जाने की अनुमति नहीं है। इसके अलावा 70 वर्ष से अधिक आयु वाले यात्रियों के लिए आरक्षण की व्यवस्था खत्म कर दिया है। 65 साल से अधिक उम्र के जायरीनों को हज पर जाने की अनुमति नहीं होगी। उत्तराखंड हज कमेटी ने अगले साल की यात्रा के लिए आनलाइन आवेदन मांगे हैं।
ये हैं यात्रा को लेकर दिशा-निर्देश
- -पासपोर्ट दस दिसंबर से पूर्व जारी हुआ होना चाहिए।
- -पासपोर्ट की समय सीमा 10 जनवरी 2022 तक होनी चाहिए।
- -हज आवेदन के लिए रंगीन पासपोर्ट फोटो, पासपोर्ट की स्कैन कापी जरूरी।
- -कैंसल चेक और एड्रेस प्रूफ की कापी भी नत्थी करनी होगी।
जनवरी में निकलेगी लाटरी
उत्तराखंड राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष शमीम आलम ने बताया कि हज के लिए दस दिसंबर तक आवेदन कर सकते हैं। अगले साल जनवरी में लाटरी के बाद हाजियों का चयन किया जाएगा। मार्च पहले सप्ताह में हज यात्रा के खर्च की पहली किश्त के रूप में 1.50 लाख रुपये जमा कराने होंगे। यात्रा जुलाई मध्य में शुरू होगी।
डेढ हजार से अधिक है उत्तराखंड का कोटा
हज के लिए राज्यवार कोटा तय है। 2019 में उत्तराखंड का कोटा 1585 तय था। इससे पहले उत्तराखंड के लिए 1231 सीटों का कोटा निर्धारित था। बाद में हज कमेटी आफ इंडिया ने उत्तराखंड के लिए 37 सीटें बढ़ा दी थी। नैनीताल, देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर जिले से अधिक लोग हज यात्रा पर जाते हैं। वर्ष 2020 में कोविड-19 को देखते हुए यात्रा स्थगित कर दी गई थी।