Snowfall in Nainital : हिमपात देखने के लिए तीन दिन में 20 हजार सैलानी पहुंचे नैनीताल
बर्फ के शौकीनों के लिए तीन दिन पहले हुए दो घंटे का हिमपात सप्ताहभर की मस्ती का कारण बन गया है। हिमपात का लुत्फ उठाने के लिए तीन दिन में करीब 20 हजार सैलानी यहां पहुंच चुके हैं। आने वाले दिनों में भी इनकी आमद बने रहने की उम्मीद है।
नैनीताल, जागरण संवाददता : बर्फ के शौकीनों के लिए तीन दिन पहले हुए दो घंटे का हिमपात सप्ताहभर की मस्ती का कारण बन गया है। हिमपात का लुत्फ उठाने के लिए तीन दिन में करीब 20 हजार सैलानी यहां पहुंच चुके हैं। आने वाले दिनों में भी इनकी आमद बने रहने की उम्मीद है। गुरुवार रात और फिर शुक्रवार दोपहर नैनीताल के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात हुआ था, जिसकी सूचना मिलते ही सैलानी यहां पहुंचने लगे थे। रविवार को भी किलबरी, स्नोव्यू व अयारपाटा में जमी बर्फ देखने के लिए करीब आठ हजार सैलानी पहुंचे। किलबरी में पांच हजार से अधिक सैलानी पहुंचे और बर्फ के गोले बनाकर एक-दूसरे पर बरसाते हुए मस्ती करते नजर आए। यही आलम स्नोव्यू व अयारपाटा में भी दिखा। बर्फ में सेल्फी लेने से भी सैलानी नहीं चूके।
होटल कारोबारी भी खुश
पर्यटकों की आमद बढऩे से नगर के अन्य पर्यटनस्थल भी सैलानियों से पटे हुए नजर आए। झील में नौकाविहार करने वालों की बड़ी तादाद दिखाई दी। मालरोड भी गुलजार रहा। शाम के समय पहाड़ों से सूर्यास्त का आनंद लेते हुए भी पर्यटकों में उत्साह दिखा। होटल कारोबारी भी इसे लेकर खुश हैं। होटल एसोसिएसन उपाध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट ने बताया कि हिमपात के चलते पर्यटन से जुड़े कारोबारियों को लाभ हुआ है। अभी अधिकांश होटलों के कमरे फुल हैं। बर्फ जमी रहने तक सैलानियों की आमद बनी रहेगी।
खुल गए हैं नगर के सभी मार्ग
हिमपात के दौरान अवरोधित सभी मार्ग खुल गए हैं। इसके चलते रविवार को सभी मार्गों पर वाहनों की आवाजाही सुचारु हो गई। बारापत्थर-किलबरी, पंगोठ-कुंजखड़क मार्ग पर जमी बर्फ हटाने के लिए लोनिवि ने नमक छिड़काव के साथ ही मशीन का सहारा लेना पड़ा।