फैक्ट्री कर्मी ने पंखे से लटककर दी जान, दो दिन पहले ही लौटा था गांव से
हरिद्वार जिले के भगवानपुर में एक फैक्ट्री कर्मी का शव फंदे से लटका हुआ मिला है। फिलहाल मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
भगवानपुर, जेएनएन। एक फैक्ट्रीकर्मी युवक का शव कमरे में पंखे से लटका मिला। युवक उत्तर प्रदेश के रायबरेली का रहने वाला है। कमरे में कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। दो दिन पहले ही युवक अपने गांव से लौटा था।
उत्तर प्रदेश के रायबरेली थाना बछराम, पहानसा गांव निवासी विपिन कुमार (26 वर्ष) भगवानपुर स्थित एक दवा कंपनी में काम करता था। विपिन ने मक्खनपुर गांव में नौशाद के मकान में किराए पर कमरा लिया हुआ था। विपिन मंगलवार को कमरे से बाहर नहीं निकला। इस पर मकान स्वामी को शक हुआ तो शाम के समय उसने दरवाजा खटखटाया। जब दरवाजा नहीं खुला तो उसने भगवानपुर थाना पुलिस को इस बात की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो कमरे में लगे पंखे से युवक फंदे से लटका हुआ मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल रुड़की मोर्चरी में भिजवाया।
कार्यवाहक थानाध्यक्ष मनोज ममगाईं ने बताया कि कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। जानकारी करने पर पता चला है कि वह अपने गांव गया हुआ था। दो दिन पहले ही वापस लौटा था। मामला आत्महत्या का लग रहा है। उसके परिजनों को मामले की जानकारी दे दी गई है। अभी पड़ताल चल रही है।
यह भी पढ़ें: नवीं में फेल होने पर मां को स्कूल छोड़ भागी किशोरी, नहर में लगाई छलांग
यह भी पढ़ें: किशोर पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली पीड़िता ने फांसी लगाकर दी जान
यह भी पढ़ें: कर्जे में डूबा पति दो माह से है लापता, तंग आकर महिला ने लगाई फांसी