बदहाल लक्सर-रुड़की मार्ग पर जल्द शुरू होगा काम
बदहाल पडे़ लक्सर-रुड़की मार्ग का निर्माण अब लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) कराएगा।
संवाद सूत्र, लक्सर: बदहाल पडे़ लक्सर-रुड़की मार्ग का निर्माण अब लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) कराएगा। मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग को इस बाबत आदेश दिए हैं। इस बात की जानकारी लक्सर विधायक संजय गुप्ता ने दी है। उन्होंने बताया कि जल्द ही इस पर कार्य शुरू हो जाएगा।
संजय गुप्ता ने बताया कि गड्ढों में तब्दील हो चुके लक्सर-रुड़की मार्ग के निर्माण के लिए वर्ष 2019 में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय ने केंद्रीय सड़क निधि से बजट स्वीकृत किया था। लेकिन कार्य शुरू नहीं होने के चलते बजट लैप्स हो गया। इसके बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) ने भी हाथ खड़े कर सडक की देखरेख व जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को सौंप दी थी। जिसके बाद यहां सड़क निर्माण का कार्य अधर में लटक गया। इस बीच उन्होंने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से मुलाकात कर मार्ग की बदहाली के बारे में जानकारी दी। जिसके बाद मुख्यमंत्री ने लोनिवि के सचिव को आदेश दिए हैं। खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने भी मुख्यमंत्री से मिलकर लक्सर-रुड़की मार्ग के निर्माण की मांग कर चुके हैं।