महिला डॉक्टर लंबी छुट्टी पर, भटकती रही मरीज
जागरण संवाददाता, रुड़की: सिविल अस्पताल में गुरुवार को इलाज के लिए आने वाली महिला मरीज भटकती रही, लेकि
जागरण संवाददाता, रुड़की: सिविल अस्पताल में गुरुवार को इलाज के लिए आने वाली महिला मरीज भटकती रही, लेकिन उन्हें उपचार नहीं मिल सका। दरअसल, अस्पताल में तैनात एकमात्र महिला चिकित्साधिकारी डॉ. निशा गुप्ता गुरुवार से तीन महीने के अवकाश पर चली गई हैं। अस्पताल में महिला ओपीडी में रोजाना औसतन 60-70 मरीज इलाज के लिए आते हैं।
रोजाना की तरह ही गुरुवार को भी महिला चिकित्साधिकारी डॉ. निशा गुप्ता की ओपीडी के बाहर महिला मरीजों की लाइन लग गई। काफी देर तक मरीज ओपीडी कक्ष के बाहर डॉक्टर का इंतजार करते रहे। इसके बाद भी जब डॉक्टर नहीं आई तो मरीज अस्पताल परिसर में इधर-उधर भटकने लगे। मरीजों के अस्पताल स्टॉफ से पूछताछ करने के बाद उन्हें पता चला कि गुरुवार से डॉक्टर लंबी छुट्टी पर चली गई हैं। वहीं, आशाएं भी कई गर्भवतियों को साथ लेकर अस्पताल पहुंची। इन महिला मरीजों को भी मायूस होकर लौटना पड़ा। उधर, अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं की गई थी। जिस वजह से मरीजों को बिना इलाज के ही मायूस होकर लौटना पड़ा। मरीज रुखसाना, शबाना, सपना, रेखा आदि के अनुसार ओपीडी कक्ष के बाहर उन्होंने कई देर तक डॉक्टर का इंतजार किया। बाद में अस्पताल स्टाफ से पूछने पर पता चला कि डॉक्टर छुट्टी पर हैं। उनके अनुसार, अस्पताल की ओर से कोई वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए थी। ताकि मरीजों को दिक्कत न उठानी पड़े। उधर, सीएमएस डॉ. देवेंद्र कुमार चक्रपाणि के अनुसार, महिला चिकित्साधिकारी डॉ. निशा गुप्ता तीन महीने के अवकाश पर विदेश दौरे पर गई हैं। उन्होंने बताया कि अस्पताल में आने वाली महिला मरीजों को नियमित रूप से इलाज मिलता रहे, इसके लिए ओपीडी को सुचारू रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।