मौसम का बदला मिजाज, कम हुई ठंड
जागरण संवाददाता रुड़की सप्ताह भर की लगातार बारिश के बाद रविवार को मौसम साफ दिखा। सुबह
जागरण संवाददाता, रुड़की: सप्ताह भर की लगातार बारिश के बाद रविवार को मौसम साफ दिखा। सुबह हल्के बादल और दिनभर धूप खिली रही। जिससे लोगों ने काफी राहत महसूस की। वहीं मौसम विशेषज्ञों के अनुसार सोमवार को बादलों की आवाजाही और बारिश का पूर्वानुमान है।
बता दें पिछले सप्ताह से शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में बरसात हो रही थी। जिस वजह से मौसम में ठंड का असर बढ़ गया था। वहीं जन-जीवन भी प्रभावित हो रहा था। रविवार को भी सुबह मौसम का मिजाज सर्द रहा। आसमान में काले घने बादल छाए रहे। साथ ही ठंडी हवा भी चली। लोगों ने बरसात का अनुमान लगाया लेकिन सुबह दस बजे के बाद मौसम ने करवट बदल दी। आसमान में धूप खिल गई। जिस वजह से दिन में मौसम में ठंड का असर भी कम रहा। मौसम बदलने से शनिवार की तुलना में रविवार को दिन के तापमान में 1.5 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 24 डिग्री से बढ़कर 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं आइआइटी रुड़की के जल संसाधन विकास एवं प्रबंधन विभाग के अनुसार सोमवार को भी आसमान में बादल छाने और बारिश होने की संभावना है।