छोटी सी बात को लेकर दो भाइयों पर कुछ युवकों ने चाकू से किया हमला, एक की हालत गंभीर
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के मुंडलाना गांव में दो भाईयों पर कुछ युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में एक भाई की हालत गंभीर है।
By Edited By: Published: Sat, 13 Jun 2020 03:56 PM (IST)Updated: Sat, 13 Jun 2020 06:33 PM (IST)
मंगलौर(हरिद्वार), जेएएनएन। हरिद्वार जिले की मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के मुंडलाना गांव में दो भाइयों पर कुछ युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में एक भाई की हालत गंभीर है। फिलहाल, पुलिस ने मामले को लेकर जांच शुरू कर दी हैं।
मुंडलाना गांव में शनिवार की दोपहर को दो परिवारों की महिलाओं के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। दोनों के बीच गाली-गलौज चल रही थी। इसी बीच एक पक्ष के दोभाई ओमपाल और सतीश खेत से घर पहुंचे और महिलाओं के पक्ष में बोलने लगे। इसके बाद दूसरे पक्ष के दो युवक और उनका एक साथी चाकू लेकर पहुंचे और दोनों भाइयों पर हमला कर दिया। चाकू से हुए हमले में ओमपाल एवं सतीश घायल हो गए।
ओमपाल का खून काफी बह गया। इसके बाद आरोपित मौके से भाग निकले। सूचना पाकर पुलिस भी गांव में पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को रुड़की सिविल अस्पताल में भिजवा दिया। ओमपाल की हालत खराब होने पर उसको हायर सेंटर रेफर कर दिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार चौहान ने बताया कि पुलिस को अभी तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। साथ ही गांव में निगरानी बढ़ा दी गई है।
अज्ञात बदमाशों ने मारी गोली
भगवानपुर के मानक मजरा चौक पर बिलाल निवासी फतेहपुर, जनपद सहारनपुर उत्तर प्रदेश, स्टेट बैंक की मिनी शाखा चलाता है। शनिवार शाम सवा तीन बजे अज्ञात बदमाशों ने बिलाल को गोली मार दी। इसके बाद मौके से फरार हो गए।
भगवानपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल बिलाल को भगवानपुर के आरोग्य अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से डॉक्टरों ने उसे रुड़की सिविल हॉस्पिटल रेफर कर दिया। थाना प्रभारी संजीव थपलियाल का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामला रंजिशन लग रहा है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे मैं पुलिस आरोपित की पहचान कर रही है।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें