दिल्ली से चोरी छिपे गांव पहुंचे तीन लोगों पर मुकदमा
दिल्ली से चोरी छिपे हसनपुर-मदनपुर गांव में पहुंचे तीन लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने इन सभी लोगों को घरों में ही क्वारंटाइन किया है।
संवाद सूत्र, भगवानपुर: दिल्ली से चोरी छिपे हसनपुर-मदनपुर गांव में पहुंचे तीन लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने इन सभी लोगों को घरों में ही क्वारंटाइन किया है।
लॉकडाउन के दौरान बाहरी राज्यों से कई लोग गांव आ चुके है। प्रशासन के लिए भी इन लोगों को चिह्नित कर इन्हें क्वारंटाइन कराना चुनौती बना है। अभी भी देहात में लोग बाहरी राज्यों से जंगल के रास्ते अपने गांव आ रहे है। ऐसा ही एक मामला रविवार को क्षेत्र के हसनपुर मदनपुर गांव में हुआ। हसनपुर मदनपुर गांव निवासी ओमकुमार, भोला, सोनू दिल्ली की एक फैक्ट्री में काम करते हैं। लॉकडाउन के बाद से यह लोग दिल्ली में ही रुके थे। लॉकडाउन के दौरान इनके रुपये समाप्त हो गए थे। इसके चलते ही इनके सामने खाने पीने का संकट खड़ा हो रहा था। इसके चलते ही तीनों लोग चोरी छिपे अपने गांव आ गए। रविवार की शाम को गांव के किसी ग्रामीण ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। जिसके बाद पुलिस ने इसकी जांच पड़ताल की। थाना प्रभारी संजीव थपलियाल ने बताया कि पुलिस ने ओमकुमार, भोला, सोनू पर मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि इन तीनों को घर के अंदर क्वारंटाइन किया गया है। साथ ही नोटिस भी लगाया गया है।