दो दिन में दो बार ग्रिड फेल, ढाई घंटे विद्युत आपूर्ति ठप
रविवार के बाद मंगलवार को एक बार फिर ग्रिड फेल होने से लक्सर क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई हालांकि इस बार करीब ढाई घंटे बाद ही आपूर्ति सूचारू हो गई।
संवाद सूत्र, लक्सर: रविवार के बाद मंगलवार को एक बार फिर ग्रिड फेल होने से लक्सर क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई, हालांकि इस बार करीब ढाई घंटे बाद ही आपूर्ति सूचारू हो गई। इससे क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली।
लक्सर क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पटरी पर नहीं आ रही है। रविवार दोपहर ढाई बजे ग्रिड फेल होने से लक्सर नगर समेत देहात क्षेत्र के खानपुर, रायसी, भट्टीपुर से जुड़े डेढ सौ से अधिक गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई थी। लक्सर नगर की आपूर्ति नौ घंटों तक बंद रही थी, जबकि देहात क्षेत्र में अगले दिन सोमवार को दोपहर तक जाकर आपूर्ति सूचारू हो सकी थी। लक्सर के गनौली स्थित सब स्टेशन से लक्सर, खानपुर, रायसी व भट्टीपुर बिजलीघर को जोड़ा गया है। ऋषिकेश ग्रिड से गनौली सब स्टेशन जुड़ा हुआ है। मंगलवार को भी दोपहर ढाई बजे एक बार फिर ग्रिड फेल होने से नगर व देहात के बिजलीघरों से जुडे़ गांवों में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई।
रविवार को पूरी रात बिजली के बिना भारी परेशानी झेल चुके स्थानीय निवासियों ने विभागीय अधिकारियों से लेकर बिजलीघर के फोन घुमाने शुरू कर दिए। उधर, ग्रिड फेल होने की जानकारी पर उनके होश उड़ गए। पर, अबकी ढाई घंटों के बाद ही विद्युत आपूर्ति सूचारू होने पर उन्होंने राहत की सांस ली। ऊर्जा निगम के एसडीओ अमीचंद ने बताया कि ऋषिकेश से आपूर्ति बाधित हुई थी। समस्या को दूर कर आपूर्ति सूचारू करा दी गई।