स्वामी अमृतानंद का सत्याग्रह खत्म, नियम उल्लंघन में रिपोर्ट भेजेगी पुलिस
स्वामी नरसिंहानंद और जितेन्द्र नारायण सिंह त्यागी की गिरफ्तारी के विरोध में सत्याग्रह कर रहे स्वामी अमृतानंद की तबीयत बिगड़ने पर संतों ने उनका सत्याग्रह समाप्त करा दिया।
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: स्वामी नरसिंहानंद और जितेन्द्र नारायण सिंह त्यागी की गिरफ्तारी के विरोध में सत्याग्रह कर रहे स्वामी अमृतानंद की तबीयत बिगड़ने पर संतों ने उनका सत्याग्रह समाप्त करा दिया। वहीं, सत्याग्रह करने वाले संतों के खिलाफ पुलिस ने आपदा प्रबंधन अधिनियम का उल्लंघन करने के आरोप में कार्रवाई की है। नियमानुसार जिलाधिकारी कोर्ट में रिपोर्ट दाखिल की जाएगी।
पिछले कई दिन से पहले तो जितेन्द्र नारायण त्यागी की गिरफ्तारी को लेकर यति नरसिंहानंद की अगुआई में संत सर्वानंद गंगा घाट पर सत्याग्रह कर रहे थे। शनिवार रात यति नरसिंहानंद को भी गिरफ्तार कर लिया गया था। जिसके बाद अकेले ही स्वामी अमृतानंद ने सत्याग्रह कर रहे थे। कई दिन से अन्न-जल त्यागने के कारण स्वामी अमृतानंद की तबीयत बिगड़ने पर उनका सत्याग्रह खत्म करा दिया गया। प्रतिकार सभा के संयोजक और शांभवी पीठाधीश्वर स्वामी आनंदस्वरूप ने इसकी पुष्टि की है। वहीं, कोरोना काल में अनशन करने पर खड़खड़ी चौकी प्रभारी विजेंद्र कुमांई की तरफ से पुलिस ने स्वामी आनंद स्वरूप, स्वामी सागर सिधुराज, स्वामी अमृतानंद, स्वामी प्रबोधानंद गिरि और स्वामी शिवानंद के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम उल्लंघन की धाराओं में कार्रवाई की गई है। शहर कोतवाल राकेंद्र सिंह कठैत ने बताया कि इन धाराओं में नियमानुसार जिलाधिकारी न्यायालय में वाद दायर किया जाता है। इसके लिए रिपोर्ट भेजी जा रही है।
उधर, मत विशेष की महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजे गए स्वामी यति नरसिंहानंद को जिला कारागार में विशेष बैरक में रखा गया है। जेल के वरिष्ठ अधीक्षक मनोज कुमार आर्य ने बताया कि जितेंद्र नारायण त्यागी पहले से इसी बैरक में है।