निगम पॉलीथिन का इस्तेमाल करने वाले लोगों से भी वसूलेगा जुर्माना
जागरण संवाददाता, रुड़की: पॉलीथिन रखने और इसका इस्तेमाल करने वाले सचेत हो जाएं। क्योंकि अब नगर निगम की
जागरण संवाददाता, रुड़की: पॉलीथिन रखने और इसका इस्तेमाल करने वाले सचेत हो जाएं। क्योंकि अब नगर निगम की ओर से शहर में बड़े स्तर पर पॉलीथिन के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत पॉलीथिन रखने वाले कारोबारियों और दुकानदारों ही नहीं बल्कि कोई नागरिक भी इसका प्रयोग करता हुआ पाया जाएगा तो उससे भी निगम जुर्माना वसूलेगा।
जिलाधिकारी दीपक रावत ने नगर निगम को शहर में पॉलीथिन के खिलाफ नियमित रूप से अभियान चलाने और इसके लिए एक टीम का गठन करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत निगम ने दस सदस्यीय टीम का गठन कर लिया है। एक-दो दिन में टीम अभियान शुरू कर देगी। निगम की ओर से मुख्य रूप से शहर के बाजारों में पॉलीथिन का प्रयोग करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस बार पॉलीथिन रखने वाले दुकानदारों के साथ ही इसका इस्तेमाल करने वाले लोगों से भी जुर्माना वसूला जाएगा। जुर्माना पांच सौ से लेकर पांच हजार रुपये तक लिया जाएगा। सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट के अनुसार, जिलाधिकारी के निर्देश पर शहर में पॉलीथिन के खिलाफ अभियान चलाने के लिए दस सदस्यीय टीम का गठन कर दिया गया है। उनके अनुसार, इस बार निगम बड़े स्तर पर अभियान चलाएगा। साथ ही पॉलीथिन रखने वाले दुकानदारों के साथ ही इसका प्रयोग करने वाले लोगों से भी जुर्माना वसूला जाएगा।