हरिद्वार में पुलिस ने तीन इनामी समेत चार को किया गिरफ्तार, लंबे समय से चल रहे थे फरार
रुड़की के सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने मंगलवार रात ताबड़तोड़ दबिश देकर तीन इनामी सहित चार आरोपितों को पकड़ा है।
By Edited By: Published: Wed, 29 Jul 2020 05:53 PM (IST)Updated: Wed, 29 Jul 2020 08:34 PM (IST)
रुड़की, जेएनएन। हरिद्वार जिले के रुड़की में सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने मंगलवार रात ताबड़तोड़ दबिश देकर तीन इनामी सहित चार आरोपितों को धर दबोचने में सफलता हासिल की है। ये सभी आरोपित गोकशी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे थे।
कोतवाली सिविल लाइंस में आयोजित पत्रकार वार्ता में पुलिस अधीक्षक देहात स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल मंडल के निर्देशानुसार एक माह में अभियान चलाकर सभी इनामी एवं वांछित आरोपितों को पकड़ने के निर्देश दिए गए हैं। मंगलवार को कोतवाली सिविल लाइंस पुलिस की तीन टीमों ने निरीक्षक राजेश साह के नेतृत्व में छापेमारी करते हुए 1500-1500 रुपये के तीन इनामी बदमाश पकड़े हैं। पकड़े गए बदमाशों में अब्दुल रहमान, वाजिद और जुबेर शामिल हैं।
तीनों कोतवाली क्षेत्र के जौरासी गांव के रहने वाले हैं। उनके खिलाफ गोकशी के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस को लंबे समय से उनकी तलाश थी। मंगलवार को उनके गांव में आने की सूचना मिली थी, जिस पर तीनों को दबोच लिया। इसके अलावा इसी गांव का रहने वाला शमशाद को भी रात में गिरफ्तार किया गया। शमशाद भी गोकशी के एक मामले में फरार चल रहा था। हालांकि उस पर अभी इनाम घोषित नहीं था। इस मौके पर पुलिस क्षेत्राधिकारी चंदन सिंह बिष्ट, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश साह आदि मौजूद रहे।
अब तक 13 गोकशी के आरोपित गिरफ्तार
देहात क्षेत्र के विभिन्न थानों में गोकशी के 32 इनामी और वांछित आरोपित फरार हैं। दस दिन से चल रहे अभियान में पुलिस ने 13 को पकड़ लिया है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक देहात स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि अन्य सभी फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
नाइजीरियन छात्रों ने किया क्वारंटाइन सेंटर में हंगामा
भगवानपुर के आरआइटी (रुड़की इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी) के दो नाइजीरियन छात्रों ने मंगलवार को कलियर के क्वारंटाइन सेंटर पर जमकर हंगामा किया। बाद में दोनों को कॉलेज भेज दिाय गया। पुलिस व प्रशासन इस संबंध में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं कर पाया है। आरआइटी के दो नाइजीरियन छात्र 30 जून को छुट्टी लेकर दिल्ली गए थे। सोमवार शाम को दोनों नाइजीरियन छात्र ओसेजी इमानुएल चुकवुका, इकवागू हेरी जॉन कॉलेज पहुंचे। कॉलेज प्रशासन ने उन्हें क्वारंटाइन करने के लिए जिला प्रशासन को सूचना दी। मंगलवार सुबह उन्हें कलियर स्थित गेस्ट हाउस में क्वारंटाइन किया गया। जहां पर दोनों छात्रों ने जमकर हंगामा किया।
इसकी शिकायत गेस्ट हाउस के मालिक ने कलियर पुलिस से की। जहां से उन्हें आरआइटी कॉलेज लाया गया। कॉलेज प्रशासन ने उन्हें अंदर आने से मना कर दिया। सूचना पर रुड़की तहसीलदार सुनैना राणा और भगवानपुर थाना प्रभारी संजीव थपलियाल मौके पर पहुंचे और दोनों छात्रों को कॉलेज कैंपस में भेजा। कॉलेज प्रशासन अभी भी दोनों छात्रों को क्वारंटाइन सेंटर भेजने की मांग पर अड़ा है।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें