रेस पूरी कर लौटे दिव्यांग खिलाड़ियों का स्वागत
संवाद सूत्र लक्सर लक्सर के दिव्यांग खिलाड़ियों ने दिल्ली से मुंबई के बीच 35 सौ किलोमीटर की र
संवाद सूत्र, लक्सर: लक्सर के दिव्यांग खिलाड़ियों ने दिल्ली से मुंबई के बीच 35 सौ किलोमीटर की राइड पूरी की है। राइड पूरी करने के बाद वापस लौटने पर स्थानीय लोगों ने दोनों खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया।
लक्सर के दाबकी कलां गांव निवासी दिग्विजय सिंह व भारूवाला गांव निवासी प्रदीप कुमार दिव्यांग हैं। दोनों खिलाड़ी प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली दिव्यांगों की विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर क्षेत्र का नाम रोशन कर चुके हैं। दिल्ली की संस्था ईगल स्पेशली एबल्ड राइडर्स की ओर से एक से 15 अक्टूबर तक दिल्ली से मुंबई के बीच एक्सेसिबल अवेयरनेस रेस का आयोजन किया था। रेस में दिग्विजय सिंह व प्रदीप कुमार ने उत्तराखंड की ओर से प्रतिभाग किया। दिग्विजय सिंह ने बताया कि इंडिया गेट नई दिल्ली से गेट-वे ऑफ इंडिया मुंबई तथा इसके बाद वापस इंडिया गेट नई दिल्ली तक की यह रेस स्कूटी से पूरी की। रेस में अलग-अलग प्रदेशों के 20 प्रतिभागी शामिल थे। मंगलवार को रेस समाप्त कर वह दिल्ली पहुंचे, जहां इंडिया गेट पर राज्य सभा में तैनात उत्तराखंड मूल की अधिकारी मीना कंडवाल, उच्चतम न्यायालय के अधिवक्ता संजय शर्मा, संजय चौहान आदि लोगों ने उनका स्वागत किया। वहीं लक्सर पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने बालावाली तिराहे पर दोनों खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया। दिग्विजय व प्रदीप ने बताया कि आरंभ में रेस के लिए उन्हें स्पांसर मिलने में परेशानी हुई थी, लेकिन उपजिलाधिकारी के प्रयास से उन्हें स्पांसर मिल गए। उन्होंने कहा कि लोगों के स्नेह से उनका उत्साहवर्धन होता है। भविष्य में वह प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का और अधिक प्रयास करेंगे।