टूटी पुलिया से गुजरेंगे ताजिये, किया प्रदर्शन
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: पुलिस प्रशासन एक तरफ मोहर्रम के मद्देनजर अचूक तैयारियों का दाव
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: पुलिस प्रशासन एक तरफ मोहर्रम के मद्देनजर अचूक तैयारियों का दावा कर रहा है, दूसरी तरफ ज्वालापुर में ताजियों के जुलूस निकलने वाले मार्ग पर पुलिया क्षतिग्रस्त है। मोहर्रम में दो दिन का समय बाकी होने पर ऐसा लग रहा है कि टूटी पुलिया से ही ताजियों का जुलूस गुजरेगा। लंबे समय से पुलिया बनाने की मांग करते आ रहे स्थानीय लोगों ने बुधवार को नगर निगम और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। उन्होंने नगर निगम और प्रशासन के अधिकारियों पर उपेक्षा का आरोप भी लगाया।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए हाजी शाहबुद्दीन अंसारी ने कहा कि दरगाह रोड की पुलिया कई माह से क्षतिग्रस्त है। लगातार हादसे होने पर प्रशासन और नगर निगम से बार-बार पुलिया निर्माण की मांग की जा रही है। लेकिन अधिकारियों के कान पर जूं नहीं रेंग रही है। कहा कि अधिकारियों की सुस्ती और लापरवाही के चलते शुक्रवार को ताजियों का जुलूस भी क्षतिग्रस्त पुलिया से होकर गुजरेगा। हारून अंसारी व मंसूर अंसारी ने कहा कि मंडी के कुंए के आसपास सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है। सीवर उफनाने से गंदा पानी सड़कों पर बहता है। नियमित सफाई व्यवस्था नहीं हो पा रही है। सड़कों की हालत खराब है। अव्यवस्था के कारण क्षेत्र के लोगों को भारी असुविधाएं झेलनी पड़ रही हैं। अंकित चौहान ने कहा कि ज्वालापुर क्षेत्र की उपेक्षा की जा रही है। ताजियों के जुलूस में सभी धर्म समुदाय के लोग हिस्सा लेते हैं। अनियमितताओं के कारण मोहर्रम की तैयारियों में भी अड़चनें आ रही हैं। प्रदर्शनकारियों में फैज आलम अंसारी, राहत हुसैन अंसारी, मुस्तकीम पीरजी, राजू, साजिद मालिक, परवेज अंसारी, शाहवेज, शोएब अंसारी, अफजाल अंसारी, तबरेज, इकबाल, जावेद, नसीम आदि शामिल थे।