शहर के नालों के लिए निकाले जाएं टेंडर, फव्वारों की हो साफ-सफाई
जागरण संवाददाता, रुड़की: नगर निगम बोर्ड का कार्यकाल समाप्त होने के बाद बुधवार को दूसरी बार विधायक प्र
जागरण संवाददाता, रुड़की: नगर निगम बोर्ड का कार्यकाल समाप्त होने के बाद बुधवार को दूसरी बार विधायक प्रदीप बत्रा निगम कार्यालय पहुंचे। प्रशासक के कक्ष में बैठकर उन्होंने निगम अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने शहर के नालों के लिए टेंडर निकालने और फव्वारों की साफ-सफाई के निर्देश दिए।
बुधवार को नगर विधायक नगर निगम कार्यालय पहुंचे। पहले वह मुख्य नगर आयुक्त के कक्ष में बैठे। इसके बाद शासन की ओर से नियुक्त किए गए प्रशासक जिलाधिकारी दीपक रावत के कक्ष में बैठकर उन्होंने निगम अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक ली। विधायक ने कहा कि बरसात से पहले सभी बड़े नालों की साफ-सफाई की जाएं, ताकि नागरिकों को जलभराव की समस्या से जूझना न पड़े। उन्होंने सोलानीपुरम नाला, गणेशपुर नाला, सपना टॉकिज नाला, रामपुर रोड जैसे बड़े नालों का ई-टेंडर निकालने की बात कही। साथ ही, रामनगर, बोट क्लब, चंद्रपुरी, रुड़की टॉकिज और डीएवी रोड पर बने फव्वारों की नियमित रूप से साफ-सफाई करने के निर्देश दिए। इस मौके पर मुख्य नगर आयुक्त अशोक कुमार पांडेय, सेनेटरी इंस्पेक्टर अमित कुमार एवं मृदुल कुमार, एई एवं जेई निर्माण, स्वास्थ्य लिपिक आदि उपस्थित रहे। पाडली गुर्जर और रामपुर की बजाए शहर की सफाई व्यवस्था पर दें ध्यान
रुड़की: विधायक ने बुधवार को नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को शहर की सफाई व्यवस्था पर अधिक ध्यान देने की बात कही। कहा कि निगम के पास मैन पावर की कमी है, इसलिए नगर निगम में शामिल नए क्षेत्र पाडली गुर्जर और रामपुर में सफाई व्यवस्था में कम कर्मचारियों को लगाया जाए। वहां की बजाए इन कर्मचारियों को शहर की सफाई व्यवस्था में लगाया जाए। उधर, नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट के अनुसार न्यायालय और शासन की ओर से पुराने क्षेत्रों की भांति ही नए क्षेत्रों में सभी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।