धान खरीद केंद्र में अव्यवस्था पर विधायक नाराज
खानपुर विधायक ने गोवर्धनपुर स्थित धान खरीद केंद्र का औचक निरीक्षण किया। मौके पर उन्हें न तो धान की खरीद होती मिली और न ही खरीद केंद्र पर खरीद करने वाले विपणन विभाग का कोई अधिकारी या कर्मचारी ही मिला।
संवाद सूत्र, लक्सर: खानपुर विधायक ने गोवर्धनपुर स्थित धान खरीद केंद्र का औचक निरीक्षण किया। मौके पर उन्हें न तो धान की खरीद होती मिली और न ही खरीद केंद्र पर खरीद करने वाले विपणन विभाग का कोई अधिकारी या कर्मचारी ही मिला। इस पर विधायक ने गहरी नाराजगी जतायी और अधिकारियों को मौके पर तलब करने के साथ ही मुख्यमंत्री से मामले की शिकायत करने की बात कही। विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने बताया कि उन्हें धान खरीद केंद्र पर लगातार धांधली एवं अनियमितताओं की शिकायतें मिल रही थी। निरीक्षण के दौरान मौके पर धान की खरीद न होने और दूसरी कई खामियों पर विधायक ने नाराजगी जताई। उन्होंने क्षेत्रीय खाद्य नियंत्रक व एडीएम से बात कर व्यवस्था में तत्काल सुधार की बात कही। सरकारी धान खरीद केंद्र पर अपनी फसल लेकर पहुंच रहे किसानों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सरकारी केंद्र पर धान का रेट 1868 रुपये कुंतल है, जबकि बाजार में यह 15 सौ रुपये कुंतल बिक रहा है। किसान खरीद शुरू होने के बाद से ही क्रय केंद्रों पर धान की खरीद में लापरवाही बरतने की शिकायत कर रहे हैं। इसी को लेकर खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन शुक्रवार में अचानक गोवर्धनपुर उपमंडी परिसर में स्थित विपणन विभाग के सरकारी क्रय केंद्र पर पहुंच गए। इस दौरान केंद्र पर खरीद होती हुई नहीं मिली। इस पर नाराजगी जताते हुए विधायक ने लक्सर के वरिष्ठ विपणन निरीक्षक गुलाब सिंह रावत से बात की। बात करने के आधे घंटे बाद केंद्र प्रभारी कुलदीप सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि 8 से 21 अक्टूबर तक करीब 4500 कुंतल धान केंद्र पर खरीदा गया है। विधायक इससे संतुष्ट नहीं हुए। उन्होंने क्षेत्रीय खाद्य नियंत्रक चंद्र सिंह धर्मशक्तु व एडीएम हरिद्वार बीके मिश्रा से बात कर खरीद केंद्रों पर व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। अधिकारियों ने उन्हें इसका आश्वासन दिया। इसके बाद विधायक ने गोवर्धनपुर सहकारी समिति में स्थित यूसीएफ के खरीद केंद्र का भी निरीक्षण किया। वहां समिति अध्यक्ष आजाद सिंह तथा केंद्र प्रभारी विकास भंडारी मौजूद मिले। किसानों का धान भी केंद्र पर खरीदा जा रहा था। विधायक ने इस पर संतुष्टि जताई।