Move to Jagran APP

महापौर ने कूड़ा उठाने वाली कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने के दिए आदेश, जानिए वजह

हरिद्वार के महापौर अनिता शर्मा ने भाजपा पार्षदों के प्रदर्शन में कूड़ा वाहनों के इस्तेमाल को गंभीरता से लिया। उन्होंने संबंधित कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने के आदेश दिए हैं।

By Edited By: Published: Sat, 22 Aug 2020 08:09 PM (IST)Updated: Sat, 22 Aug 2020 09:15 PM (IST)
महापौर ने कूड़ा उठाने वाली कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने के दिए आदेश, जानिए वजह
महापौर ने कूड़ा उठाने वाली कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने के दिए आदेश, जानिए वजह

हरिद्वार, जेएनएन। महापौर अनिता शर्मा ने भाजपा पार्षदों के प्रदर्शन में कूड़ा वाहनों के इस्तेमाल को गंभीरता से लिया है। उन्होंने संबंधित कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने के आदेश नगर आयुक्त को दिए हैं। इधर, निगम के नए वार्डों से पांचवें दिन भी कूड़ा नहीं उठने से भाजपा पार्षदों में रोष है। इस मामले को लेकर शाम को नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष के नेतृत्व में भाजपा पार्षदों ने सहायक नगर आयुक्त से मुलाकात की। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत सहायक नगर आयुक्त ने नगर निगम के दो कूड़ा वाहन नए वार्डों में लगाने का आश्वासन दिया है।

loksabha election banner
नगर निगम के नौ नए वार्डों से कूड़ा उठाने के लिए तत्कालीन नगर आयुक्त नरेंद्र सिंह भंडारी ने 15 जुलाई से 16 अगस्त तक के लिए बद्री विशाल ट्रेवल्स से अनुबंध किया था। अनुबंध शर्तों के तहत संबंधित कंपनी ने नए वार्डों से कूड़ा उठाने के लिए चार लोडर लगाए थे। नगर आयुक्त नरेंद्र सिंह भंडारी के स्थानांतरण के चलते कंपनी के साथ दोबारा अनुबंध नहीं हो पाया था। इस कारण पिछले पांच दिन से नए वार्डों से कूड़ा नहीं उठा। 
जिलाधिकारी सी रविशंकर ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत डिप्टी कलेक्टर शैलेंद्र सिंह नेगी को प्रभारी नगर आयुक्त नामित किया। प्रभारी नगर आयुक्त ने शुक्रवार को नगर निगम पहुंचकर चार्ज लिया और संबंधित कंपनी को अगले 14 दिन के लिए कूड़ा उठाने की स्वीकृति दी। इधर, शुक्रवार को भाजपा पार्षदों के कूड़ा वाहनों के साथ महापौर कार्यालय के बाहर किए गए प्रदर्शन को गंभीरता से लेते हुए महापौर ने संबंधित कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने के आदेश दिए। दरअसल, धरना-प्रदर्शन में जिन कूड़ा वाहनों का प्रयोग किया गया, वह उसी कंपनी के थे जिनका नए वार्डों से कूड़ा उठाने के लिए अगले 15 दिन के लिए अनुबंध हुआ था। महापौर के इस आदेश के चलते संबंधित कंपनी को वर्कऑर्डर जारी करने में निगम अधिकारियों के हाथ बंध गए हैं। नए वार्डो से कूड़ा उठने को लेकर शनिवार शाम नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष सुनील कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में भाजपा पार्षदों ने सहायक नगर आयुक्त उत्तम सिंह नेगी से वार्ता की।
नगर निगम के नगर आयुक्त शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि शासकीय कार्यों की व्यस्तता के चलते मैं आज नगर निगम कार्यालय नहीं गया। महापौर ने संबंधित कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने के जो आदेश दिए हैं, उसके अवलोकन के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। वहीं, सहायक नगर आयुक्त उत्तम सिंह नेगी का कहना है कि वैकल्पिक व्यवस्था के तहत नगर निगम के दो कूड़ा वाहन नए वॉर्डों में लगाए जाएंगे। इस बारे में संबंधित को निर्देशित किया जा चुका है।

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.