विवाहिता की मौत के मामले में आरोपित पति गिरफ्तार Haridwar News
खानपुर क्षेत्र में हुई विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार किया है। मामले में ससुराल पक्ष के आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
हरिद्वार, जेएनएन। खानपुर क्षेत्र में हुई विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार किया है। मामले में ससुराल पक्ष के आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के तीतरो थाना क्षेत्र के हैदरपुर गांव निवासी जोगा सिंह की बेटी हरप्रीत कौर की शादी वर्ष 2015 में खानपुर थाना क्षेत्र के अब्दीपुर गांव निवासी गुरबाज सिंह के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही विवाहिता का पति समेत ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करते चले आ रहे थे।
13 जून को विवाहिता की अचानक तबीयत बिगड़ने पर विवाहिता को इलाज के लिए रुड़की अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया था। किसी ग्रामीण की सूचना पर स्वजन भी अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने विवाहिता की मौत की जानकारी उन्हें दी।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया था। विवाहिता के स्वजन की तहरीर पर मृतका के पति गुरबाज सिंह, ससुर बलदेव सिंह, जेठ नरवैर सिंह निवासी अब्दीपुर के अलावा ननद सिमरनजीत कौर, परमजीत कौर, ननदोई प्रीता सिंह, जेठानी प्रदीप कौर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही थी।
खानपुर थानाध्यक्ष पीडी भट्ट ने बताया कि मामले में मृतका के पति आरोपित गुरबाज सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपितों की भूमिका की जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपित का चालान कर दिया गया।
यह भी पढ़ें: घर में घुसकर पीटा और फाड़े कपड़े, तीन लोग गिरफ्तार; चार फरार
पुलिस ने दो लोगों को किया गिरफ्तार
कलियर पुलिस ने अलग-अलग मामलों में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद पुलिस ने उनका चालान कर दिया। कलियर थाना प्रभारी प्रकाश पोखरियाल ने बताया कि रहमतपुर गांव में एक विवाहिता की दहेज हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने नफीसा को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ करने के बाद उसका चालान कर दिया गया। अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में रुड़की उप कारागार भेज दिया है। वहीं पुलिस ने रहमतपुर गांव निवासी भोला को 50 पव्वे शराब के साथ पकड़ा है। वह यह शराब बेचने के लिए ले जा रहा था।
यह भी पढ़ें: टिहरी में दो युवकों की मारपीट में एक युवक की मौत Tehri News