राशन वितरण की अनियमितताओं में लाइसेंस सस्पेंड
राशन वितरण की अनियमितताओं पर राशन डीलर का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया गया है।
संवाद सूत्र, लक्सर: राशन वितरण की अनियमितताओं पर राशन डीलर का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया गया है। पूर्ति निरीक्षक की जांच रिपोर्ट पर जिलाधिकारी की ओर से यह कार्रवाई की गई है।
क्षेत्र के गांव रणजीतपुर के राशन डीलर प्रेम सिंह पर राशन उपभोक्ताओं ने गंभीर आरोप लगाए थे। आरोप था कि डीलर उन्हें राशन नहीं देता है, जिससे उन्हें सरकारी राशन का लाभ नहीं मिल पा रहा है। शिकायत मिलने पर पूर्ति निरीक्षक ममता ग्वाड़ी की ओर से राशन डीलर की जांच की गई थी। जांच के दौरान राशन वितरण में काफी अनियमितताएं सामने आई थी। स्टॉक रजिस्ट्रर भी सही नहीं पाया गया था। स्टॉक बोर्ड में भी राशन सही ढंग से अंकित नहीं किया जा रहा था। उपभोक्ताओं को राशन देने में लापरवाही की बात भी सामने आई थी। कई उपभोक्ताओं को राशन नहीं देने की भी पुष्टि हुई थी। ममता ग्वाड़ी ने जांच रिपोर्ट बनाकर जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी को भेज दी थी, जिसे कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी कार्यालय भेज दिया गया था। रिपोर्ट पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी सी. रविशंकर ने राशन डीलर का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया है। जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने बताया कि सस्पेंड दुकान को दूसरे डीलर से अटैच किया जा रहा है। ताकि उपभोक्ताओं को अंतिम जांच होने तक सरकारी राशन मिलता रहे।