परम वैभव के शिखर पर विराजा कांवड़ मेला
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। कावंड़ मेला परम वैभव के शिखर पर विराजमान है। श्रावण मास की शिव
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: कावंड़ मेला परम वैभव के शिखर पर विराजमान है। श्रावण मास की शिवरात्रि पर जलाभिषेक के लिए गंगाजल भरने को कांवड़ यात्रियों का सैलाब धर्मनगरी में उमड़ पड़ा। हर ओर बम बम भोले की ही गूंज रही। हाईवे पर पूरे दिन गंगाजल लेकर अपने गंतव्यों को रवाना होती कांवड़ यात्रियों की हर तरफ भारी भीड़ नजर आ रही है।
अपने अंतिम सोपान में कांवड़ मेले की रंगत में रंग गई धर्मनगरी। जिधर देखो उधर ही केसरिया रंग में रंगे शिवभक्त कांवड़ यात्री भोले की भक्ति से सराबोर आस्था पथ पर कदम बढ़ाते जा रहे थे। राजस्थान, हरियाणा, मध्य प्रदेश और दिल्ली से आने वाले डाक कांवड़ यात्रियों का जत्था पूरे दिन अंतिम सोपान में अपने गंतव्यों की ओर तेजी से बढ़ता रहा। हरकी पैड़ी सहित अन्य गंगा घाट यात्रियों से पूरी तरह से भरे रहे। हरकी पैड़ी पर जल भरने के बाद कांवड़ यात्री दक्षेश्वर महादेव मंदिर, बिल्वकेश्वर मंदिर, मायादेवी मंदिर, नीलेश्वर महादेव, पुशपतिनाथ महादेव आदि मंदिरों में जलाभिषेक किया। श्रावण मास में भोले शंकर का निवास हरिद्वार के कनखल में होता है। यही वजह है कि कांवड़ यात्री गंगाजल लेकर लौटने से पहले हरिद्वार खासकर कनखल के शिवमंदिर दक्ष प्रजापति में भगवान शिव को जल चढ़ाना नहीं भूलते।