महिला हेल्पलाइन में भिडे दो पक्ष, हंगामा
जागरण संवाददाता, रुड़की: महिला हेल्पलाइन में दो पक्षों की महिलाओं के बीच आपस में मारपीट ह
जागरण संवाददाता, रुड़की: महिला हेल्पलाइन में दो पक्षों की महिलाओं के बीच आपस में मारपीट हो गई, जिससे मौके पर हंगामा हुआ। मारपीट में विवाहिता पक्ष की एक महिला बेहोश हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया।
भगवानपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव निवासी एक युवती का विवाह सिविललाइंस कोतवाली क्षेत्र के केल्हनपुर गांव निवासी एक युवक से करीब छह साल पहले हुआ था। अगस्त माह में विवाहिता अपने घर आई थी। विवाहिता का पति उससे मिलने ससुराल आया था। इसके बाद वह घर चला गया। बताया गया है कि इसके बाद युवक लापता हो गया। युवक पक्ष ने उसके ससुराल पक्ष पर उसे गायब करने का आरोप लगाया था। इसे लेकर एसपी देहात को युवक पक्ष ने तहरीर दी थी। एसपी देहात ने यह मामला महिला हेल्पलाइन को भेजा था। तब से मामला महिला हेल्पलाइन में चल रहा है। महिला हेल्प लाइन ने सोमवार को दोनों पक्ष को बुलाया था। दोनों पक्ष परिसर में बैठे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों की महिलाओं में जमकर मारपीट हो गई। मारपीट में भगवानपुर क्षेत्र निवासी विवाहिता की मां बेहोश हो गई। महिला हेल्प लाइन में मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने किसी तरह से मामला शांत कराया। सूचना मिलने पर गंगनहर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। तब तक महिला भी होश में आ गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को हिदायत दी है। इंस्पेक्टर गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।