Haridwar Kumbh 2021: मकर संक्रांति स्नान पर्व का ब्ल्यू प्रिंट हो रहा तैयार, कल तक लगेगी अंतिम मुहर
Haridwar Kumbh 2021 कुंभ मेला पुलिस 14 जनवरी को संपन्न होने वाले मकर संक्रांति स्नान पर्व का ब्ल्यू प्रिंट तैयार करने में जुटी हुई है। सोमवार तक स्नान पर्व का यातायात प्लान और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर अंतिम मुहर लगा दी जाएगी।
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। Haridwar Kumbh 2021 कुंभ मेला पुलिस 14 जनवरी को संपन्न होने वाले मकर संक्रांति स्नान पर्व का ब्ल्यू प्रिंट तैयार करने में जुटी हुई है। सोमवार तक स्नान पर्व का यातायात प्लान और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर अंतिम मुहर लगा दी जाएगी।
मकर सक्रांति स्नान पर्व से कुंभ 2021 की शुरुआत हो जाएगी। इस बार का मकर सक्रांति स्नान पर्व श्रद्धालुओं के लिए इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि मार्च से कोविड काल चालू होने के बाद कांवड़ मेला, सोमवती अमावस्या, कार्तिक पूर्णिमा जैसे तमाम स्नान पर्वों पर कोरोना के चलते प्रतिबंध रहा है। मकर सक्रांति स्नान पर्व पहला प्रतिबंध रहित स्नान पर्व संपन्न होने जा रहा है, जिससे यह माना जा रहा है कि मकर सक्रांति स्नान पर्व पर श्रद्धालुओं की बंपर भीड़ उमड़ेगी।
स्नान पर्व पर सुरक्षा और यातायात की जिम्मेदारी कुंभ मेला पुलिस को सौंपी गई है। इसलिए यह भी कहा जा रहा है कि स्नान पर्व कुंभ मेला पुलिस और प्रशासन के लिए कुंभ का ट्रायल साबित होगा। कुंभ मेला आइजी संजय गुंज्याल व मेला एसएसपी जन्मेजय प्रभाकर खंडूरी मेला ड्यूटी और यातायात प्लान को लेकर अधीनस्थों के साथ अलग-अलग बैठकें कर रहे हैं।
शुक्रवार को डीजीपी अशोक कुमार ने हरिद्वार पहुंचकर मकर सक्रांति स्नान पर्व और कुंभ की तैयारियों को परखा है। हालांकि, स्नान पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु ट्रेनों से हरिद्वार पहुंचेंगे, इसलिए शनिवार को आइजी संजय गुंज्याल ने रेलवे सुरक्षा बल के कमांडेंट मनोज के साथ ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर मंथन किया। कुंभ मेला एसएसपी जन्मेजय प्रभाकर खंडूरी ने बताया कि मकर सक्रांति स्नान पर्व के जोन, सेक्टर व यातायात प्लान बनाया जा रहा है। पर्व पर श्रद्धालुओं की काफी भीड़ आने के आसार हैं। समय से सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी।
यह भी पढ़ें- Haridwar Kumbh Mela 2021: ज्वालापुर से 27 फरवरी को निकलेगी जूना अखाड़ा की पेशवाई