शहर में आठ दिन से सड़ रहा कूड़ा, फैल न जाए बीमारी
शहर में आठ दिन से कूड़ा सड़ रहा है। शहर की कोई ऐसी सड़क या फिर गली-मोहल्ला नहीं है जहां पर कूड़े के ढेर और दुर्गंध न हो। गंदगी के कारण अब शहर में बीमारी फैलने की भी आशंका बनी है। चिकित्सक भी इस स्थिति को बेहद गंभीर मान रहे हैं।
संवाद सहयोगी, रुड़की: शहर में आठ दिन से कूड़ा सड़ रहा है। शहर की कोई ऐसी सड़क या फिर गली-मोहल्ला नहीं है, जहां पर कूड़े के ढेर और दुर्गंध न हो। गंदगी के कारण अब शहर में बीमारी फैलने की भी आशंका बनी है। चिकित्सक भी इस स्थिति को बेहद गंभीर मान रहे हैं। लोग अब यही कह रहे हैं कि सरकार को सफाई कर्मचारियों से वार्ता कर सकारात्मक हल निकालना चाहिए।
नगर निगम रुड़की के सफाई कर्मचारी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो चुकी है। तीन बार प्रदेश में स्वच्छ सर्वेक्षण में प्रथम और एक बार द्वितीय आने वाला रुड़की शहर गंदगी से अटा हुआ है। गली-मोहल्ले ही नहीं शहर की मुख्य सड़कों के किनारे गंदगी के ढेर ही ढेर नजर आ रहे हैं। जिन स्थानों पर कूड़ेदान रखे हैं, वहां की स्थिति तो और ज्यादा दयनीय बनी हुई है। गर्मी और बरसात होने के चलते कूड़ा और ज्यादा सड़ गया है। आइएमए रुड़की के अध्यक्ष डा. विकास त्यागी का कहना है कि शहर में जिस तरह से कूड़ा सड़ रहा है। यदि इसे जल्द ही साफ नहीं कराया जाता है तो बीमारी फैल सकती है।
-------
परिचर्चा
-----
गंदगी के कारण घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। जिस रास्ते से निकलो, वहीं गंदगी के ढेर और दुर्गंध हैं। हड़ताली कर्मचारियों से वार्ता कर उनकी मांगों पर विचार करना चाहिए।
पीयूष अग्रवाल, प्रीत विहार कालोनी
-------
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण हालत बिगड़ती जा रही है। गर्मी और बरसात के कारण कूड़ा और ज्यादा सड़ गया है। कूड़ा न उठने से शहर में गंदगी ही गंदगी नजर आती है। इससे बीमारियां फैल सकती हैं।
सूरज कुमार, गणेशपुर
-------
जहां पर नगर निगम के कूड़ेदान रखे हैं, उसके आसपास की जगह कूड़े से भरी हुई दिखाई दे रही है। आवारा पशु कूड़े में भोजन तलाश कर रहे हैं, जिससे कूड़ा और ज्यादा फैल गया है। सड़कों के ऊपर भी कूड़ा आ गया है।
हेमंत कपूर, पनियाला रोड
------
शहर की सफाई व्यवस्था का जिम्मा नगर निगम पर है। यदि सफाई कर्मचारी हड़ताल पर हैं तो निगम को निजी कर्मचारियों से शहर की सफाई का काम करवाना चाहिए, ताकि शहरवासियों को गंदगी के कारण परेशान न होना पड़े।
मुकेश पंवार, रेलवे रोड