तांत्रिक ने दिया घर में गड़ा धन दिलाने का झांसा, ठग लिए चार लाख
रुड़की में एक महिला से तांत्रिक ने घर में गड़ा धन दिलाने के नाम पर चार लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित महिला के बेटे ने पुलिस को तहरीर दी है।
By Edited By: Published: Mon, 05 Nov 2018 03:00 AM (IST)Updated: Mon, 05 Nov 2018 04:21 PM (IST)
रुड़की, [जेएनएन]: तांत्रिक ने महिला को घर में गड़ा हुआ धन दिलाने का झांसा देते हुए चार लाख की रकम हड़प ली। रकम हड़पने का यह सिलसिला करीब छह माह से चल रहा है। तांत्रिक के खिलाफ महिला के बेटे ने पुलिस को तहरीर दी है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दरअसल, सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के नगला इमरती गांव निवासी कय्यूम ई-रिक्शा चालक है। उसकी मां की मुलाकात करीब छह माह पहले लंढौरा में किराये के मकान में रहने वाले एक तांत्रिक से हुई थी। तांत्रिक ने महिला को झांसा दिया था कि उनके घर में उनके पूर्वजों ने धन दबा रखा है। यह धन तांत्रिक क्रिया करने पर स्वत: ही ऊपर आ जाएगा। इसके लिए उसने लाखों रुपये खर्च की बात कही थी। घर के अंदर पूर्वजों का धन गड़ा होने की बात सुनकर महिला उसके झांसे में आ गई।
उधर, तांत्रिक ने महिला से इसके लिए दो लाख रुपये की मांग की, लेकिन महिला ने इतनी रकम होने से इंकार कर दिया। इस पर तांत्रिक ने महिला को थोड़ी-थोड़ी रकम अदा करने को कहा। उसके झांसे में आई महिला ने उसे दो लाख रुपये दे दिए। इसके बाद भी वह रकम की मांग करता रहा। उसने छह माह के अंदर करीब चार लाख की रकम हड़प ली। इसके बाद भी घर के अंदर से गड़ा हुआ सोना बाहर नहीं आया।
महिला ने तांत्रिक से अपनी रकम वापस मांगी तो वह मुकर गया और अभद्रता करने लगा। इस मामले में अब पीड़ित महिला के बेटे ने पुलिस को तहरीर दी है। सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें