हरिद्वार: झबरेड़ा में एक ही परिवार के दो पक्षों में संघर्ष, चार घायल; महिला की हालत गंभीर
हरिद्वार जिले के रुड़की में झबरेड़ा थाना क्षेत्र के बिंदुखड़ग गांव में सरकारी भूमि पर उपले बनाने को लेकर एक ही परिवार के दो पक्ष आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट होने लगी। इस बीच किसी ने धारदार हथियार चला दिया।
जागरण संवाददाता, रुड़की। हरिद्वार जिले के रुड़की में झबरेड़ा थाना क्षेत्र के बिंदुखड़ग गांव में सरकारी भूमि पर उपले बनाने को लेकर एक ही परिवार के दो पक्ष आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट होने लगी। इस बीच किसी ने धारदार हथियार चला दिया, जिसमें एक ही पक्ष की महिला समेत चार घायल हुए हैं। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घायलों का उपचार सिविल अस्पताल में चल रहा है।
झबरेड़ा थाना क्षेत्र के बिंदुखड़ग गांव में स्थित एक सरकारी भूखंड पर मुकेश पक्ष की महिलाएं उपले बनाती हैं। मुकेश का आरोप है कि रविवार सुबह जिस समय घर की महिलाएं उपले बना रही थीं। उसी दौरान परिवार के ही तिलक और देवदत्त मौके पर पहुंच गए। उन्होंने उस स्थान पर कूड़ा डाल दिया, जब उन्होंने इसका विरोध किया तो वह मारपीट पर उतारू हो गए। मारपीट के दौरान मुकेश, उसकी पत्नी अनीता, पुत्र आदित्य और पुत्री मानसी घायल हो गए।
उन्होंने उपचार के लिए सिविल अस्पताल रुड़की में भर्ती कराया गया। मुकेश की पत्नी अनीता को गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें रुड़की के सिविल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। झबरेड़ा थानाध्यक्ष रविंद्र पवार का कहना है कि मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। अभी मामले में किसी भी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर ही मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- लूट को अंजाम देने वाले चार बदमाशों पर गैंगस्टर, पढ़िए पूरी खबर