बिजली कटौती बंद करें, नहीं तो सड़कों पर उतरेंगे किसान
देहात क्षेत्र में सुबह-शाम हो रही चार घंटे की बिजली कटौती को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने ऊर्जा निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
जागरण संवाददाता, रुड़की: देहात क्षेत्र में सुबह-शाम हो रही चार घंटे की बिजली कटौती को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने ऊर्जा निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। चेतावनी दी कि 16 जनवरी के बाद किसी भी दिन ऊर्जा निगम के उप महाप्रबंधक कार्यालय का घेराव किया जाएगा। बैठक में अन्य बिदुओं पर भी विचार विमर्श किया गया।
गुरुवार को भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष पदम सिंह रोड यूनियन के पदाधिकारियों के साथ प्रशासनिक भवन परिसर में पहुंचे। यहां पर प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि एक माह से ऊर्जा निगम मनमानी पर उतर आया है। शहरी क्षेत्र में निर्बाध रूप से बिजली आपूर्ति की जा रही है, लेकिन देहात क्षेत्र में लगातार कटौती हो रही है। सुबह-शाम तो चार घंटे की कटौती की जा रही है। जबकि दिन में भी कटौती हो रही है। ऐसे में जहां बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। साथ ही, गांव की सुरक्षा के लिए भी बिजली कटौती परेशानी का कारण बनी हुई है। उन्होंने कहा कि अब यूनियन निगम के खिलाफ आरपार की लड़ाई लड़ेगी। इसके अलावा उन्होंने कहा कि बिजली चोरी के नाम पर किसानों का उत्पीड़न बंद किया जाए, अन्यथा यूनियन निगम के कर्मचारियों को गांव में ही बंधक बनाएगी। भाकियू के जिला उपाध्यक्ष मुबारिक अली ने कहा कि यूनियन की ओर से प्रशासन को भ्रष्ट चकबंदी अधिकारियों की सूची सौंपी गई थी। जिसमें अधिकारियों की जांच करने की मांग की गई थी, लेकिन प्रशासन ने जांच नहीं की। उन्होंने कहा कि प्रशासन इसको लेकर संज्ञान ले। इस मौके पर युवा विग के जिलाध्यक्ष संजीव कुशवाह, कारी शहजाद, प्रदीप त्यागी, इब्राहिम आदि मौजूद रहे।