वोकल फॉर लोकल के लिए दीपावली महोत्सव
जागरण संवाददाता रुड़की प्रधानमंत्री के वोकल फॉर लोकल के सपने को साकार करने के लिए
जागरण संवाददाता, रुड़की: प्रधानमंत्री के वोकल फॉर लोकल के सपने को साकार करने के लिए नगर निगम की ओर से स्वदेशी स्वरोजगार दीपावली महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत स्वयं सहायता समूह और वेंडर्स अपने-अपने उत्पादों के स्टॉल लगा सकेंगे। इसके अलावा यहां पर बैंक कर्मचारी भी स्वरोजगार स्थापित करने के लिए सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं एवं ऋणों के संबंध में जानकारी देने के लिए उपलब्ध रहेंगे।
नगर निगम की ओर से स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से दीपावली के उपलक्ष्य में दो स्थानों पर स्वदेशी स्वरोजगार दीपावली महोत्सव आयोजित किया जाएगा। एक नवंबर से शुरू होकर यह महोत्सव दीपावली तक चलेगा। इस साल निगम की ओर से नगर निगम काप्लेक्स और नेहरु स्टेडियम में इसका आयोजन किया जाएगा। गत वर्ष नगर निगम की ओर से केवल नगर निगम कांप्लेक्स में ही स्वयं सहायता समूह को यह सुविधा मुहैया करवाई गई थी लेकिन इस साल इसका दायरा बढ़ाया गया है। इस त्योहारी सीजन में स्वयं सहायता समूह के साथ वेंडर्स भी अपने-अपने उत्पादों के स्टॉल लगा सकेंगे। सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट ने बताया कि प्रधानमंत्री के स्वरोजगार को बढ़ावा देने के सपने को साकार करने के उद्देश्य से इस महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। बताया कि स्वरोजगार शुरू करने को लेकर जानकारी उपलब्ध करवाने के लिए महोत्सव में बैंक की तरफ से भी एक स्टॉल लगाया जाएगा। इसमें बैंक के कर्मचारी सरकार की ओर से संचालित योजनाओं एवं स्वरोजगार के लिए मिलने वाले ऋणों के संबंध में जानकारी देंगे।
------------ स्वच्छता प्रहरी रथ और कूड़ा वाहनों से करेंगे जागरूक
रुड़की: गत वर्ष भी निगम की ओर से दीपावली के मौके पर स्वयं सहायता समूहों को उत्पादों को लगाने के लिए नगर पालिका कांप्लेक्स में जगह मुहैया कराई गई थी, लेकिन प्रचार-प्रसार के अभाव में यह योजना सफल नहीं हो पाई थी। ऐसे में इस बार नगर निगम की ओर से इसको लेकर पहले से ही प्रचार-प्रसार किया जाएगा। सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट ने बताया कि निगम की ओर से चलाए जा रहे स्वच्छता प्रहरी रथ और कूड़ा वाहनों के माध्यम से इस महोत्सव के बारे में जनता को बताया जाएगा, ताकि अधिकाधिक स्वयं सहायता समूह एवं वेंडर्स इसका लाभ ले सकें।