सीआरपीएफ जवान व पत्नी की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत
छुट्टी पर आए सीआरपीएफ के जवान और उसकी पत्नी की संदेहास्पद परिस्थितियों ने मौत हो गई। जवान का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला जबकि पत्नी फर्श पर मृत पड़ी थी।
रुड़की, जेएनएन। आठ दिन पहले छुट्टी पर आए सीआरपीएफ के जवान और उसकी पत्नी की संदेहास्पद परिस्थितियों ने मौत हो गई। जवान का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला, जबकि पत्नी उसी कमरे में फर्श पर मृत पड़ी थी। दंपती के बीच कुछ समय से विवाद की बात भी सामने आ रही है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की पड़ताल कर रही है।
घटना रुड़की के निकटवर्ती झबरेड़ी गांव में सामने आई। छत्तीसगढ़ में तैनात सीआरपीएफ जवान सर्विस कुमार (35 वर्ष) यहां पत्नी मोनी (28 वर्ष) और आठ साल के बेटे शौर्य के साथ रहता है। वह आठ दिन पहले छुट्टी आया था। गुरुवार उसने परिजनों को फोन करके अपने यहां बुलाया, कहा कि वह उसका पत्नी के साथ विवाद सुलझा दें। कुछ देर बाद परिजन वहां पहुंचे तो हालात देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। सर्विस कुमार का शव कमरे के अंदर फंदे से लटका था, फर्श पर उसकी पत्नी मृत पड़ी थी। उसके मुंह से झाग निकल रहा था।
परिजनों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनो शव कब्जे में ले लिए। सिविललाइंस कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि प्रारंभिक पड़ताल में पता चला कि दंपती के बीच विवाद चल रहा था। उन्होंने आत्महत्या की या किसी और वजह से उनकी मौत हुई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
मौके से मिला नोट
इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस को मौके से एक नोट मिला है। जिसमें उनके जीवन में हस्तक्षेप को विवाद की वजह बताया गया। इस नोट में यह भी उल्लेख है कि लिखा कि जीते जी तो उन्हें साथ नहीं रहने दिया, लेकिन ऊपर जाकर साथ रहेंगे। कोई इसके लिए जिम्मेदार नहीं है। मौत के बाद उनके बेटे शौर्य को दादा-दादी के पास भेज दिया जाए। सारी संपती शौर्य के नाम कर दी जाए।
बेटा गया था स्कूल
दंपती का बेटा शौर्य घटना के वक्त स्कूल गया हुआ था। मासूम शौर्य को इस बात का आभास नहीं है कि वह अब कभी अपने मम्मी-पापा से नहीं मिल पाएगा।
यह भी पढ़ें: संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे में लटका मिला विवाहिता का शव Dehradun News
दो साल पहले लोन लेकर बनाया था मकान
सीआपीएफ के जवान ने करीब दो साल पहले डंढेरा में मकान लिया था। सर्विस से छोटे भाई अमर सिंह ने बताया कि दो साल पहले बैंक से 25 लाख का लोन लेकर घर बनाया था। अमर सिंह ने बताया कि दंपती के विवाद को लेकर दो बार उसके घर पर पंचायत हो चुकी है।