कांग्रेसियों ने हाईवे पर बिखरी बजरी साफ की
हरिद्वार कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्तरी हरिद्वार में हाईवे पर महीनों से दुर्घटनाओं का स
हरिद्वार: कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्तरी हरिद्वार में हाईवे पर महीनों से दुर्घटनाओं का सबब बन रहे पत्थर और बजरी को साफ कर विरोध जताया। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) और जिला प्रशासन पर शिकायत के बाद भी अनदेखी का आरोप लगाया। कंक्रीट को एकत्र कर खाली स्थान पर डाला गया।
शनिवार को हरिद्वार में हाईवे पर कांग्रेस कार्यकर्ता फावड़े और तसले लेकर पहुंचे। हाईवे पर बिखरी पड़ी बजरी और पत्थर को साफ करते हुए एकत्र किया। इसके बाद इसे दूसरे स्थान पर ले जाकर डाला। पूर्व पालिकाध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी ने बताया कि रोजाना 10 से 15 वाहन सवार सड़क पर बिखरे पड़े पत्थर, बजरी के कारण घायल हो रहे हैं। जिला प्रशासन के साथ ही एनएचएआइ के अधिकारियों को मामले से अवगत कराया, लेकिन नतीजा सिफर रहा। युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता तुषार कपिल ने कहा कि हाईवे निर्माण कार्य के चलते रोजाना पत्थर व बजरी से लदे ट्रक आ रहे हैं। ट्रकों से बीच-बीच में बजरी व पत्थर सड़क पर गिर रहे हैं। सड़क पर पत्थर बजरी के बिखरे होने से रोजाना लोग घायल हो रहे हैं। कांग्रेस सेवादल के विधानसभा अध्यक्ष नितिन यादव व आकाश भाटी ने कहा कि एनएचएआइ ने अगर जल्द समस्या का निराकरण नहीं किया तो आंदोलन किया जाएगा।