छेड़छाड़ कर रहे युवक को महिला ने चप्पल से पीटा, दोनों पक्षों में चले लाठी-डंडे
एक महिला से छेड़छाड़ करने पर दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। इस दौरान एक किशोर को गंभीर चोट आई।
रुड़की, जेएनएन। ढंडेरी गांव में एक महिला से छेड़छाड़ करने पर दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। इस दौरान एक किशोर को गंभीर चोट आई। इससे पहले भी छेड़छाड़ को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हो चुकी है। मामले में पुलिस कुछ युवकों से पूछताछ कर रही है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के ढंडेरी ख्वाजीगपुर गांव निवासी एक महिला दोपहर में घर के बाहर पशुशाला में सफाई कर रही थी। इसी दौरान पड़ोस के एक युवक ने महिला से छेड़छाड़ कर दी। इस बात से आक्रोशित महिला ने युवक को चप्पल से पीटना शुरू कर दिया। यह देख आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। इसकी जानकारी आरोपित पक्ष को हुई तो वह हाथों में लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए।
यह भी पढ़ें: बच्चे को जबरन उठाकर ले जा रहे शख्स को लोगों ने घेरा, जमकर की धुनाई
इन लोगों ने महिला पक्ष के साथ भिड़ना शुरू कर दिया। दोनों तरफ से जमकर मारपीट हुई, जिसमें एक किशोर घायल हो गया। किशोर का नाम अमित है। मारपीट से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह से मामला शांत कराया। इसके बाद दोनों ही पक्ष कोतवाली सिविल लाइंस पहुंच गए। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर मारपीट के आरोप लगाए। वहीं, घायल किशोर के परिजन उसे गंभीर हालत में लेकर कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने उसे उपचार के लिए भेज दिया है।
पुलिस इस मामले में कुछ लोगों से पूछताछ कर रही है। बताते चलें कि करीब दो सप्ताह पहले भी महिला से इसी पक्ष के युवकों ने शौचालय में छेड़छाड़ की थी। इसे लेकर उस दौरान भी इनके बीच मारपीट और पथराव हुआ था। जिसमें महिला का पति और देवर घायल हो गया था। मामला कोतवाली भी पहुंचा था लेकिन गांव के कुछ लोगों ने इनमें सुलह करा दी थी। इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद इस मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: पीएसी के जवान ने पुलिसकर्मियों से की हाथापाई, कोतवाली में जमकर काटा हंगामा; जानिए वजह