काफी देर तक गिड़गिड़ाता रहा दूल्हा, नहीं मिली बरात को अनुमति; बिन दुल्हन लौटे वापस
हरिद्वार में नारसन बॉर्डर पर एक दूल्हे को पुलिसकर्मियों ने रोक लिया। उसके पास सूबे में आने की अनुमति नहीं थी।
By Edited By: Published: Mon, 22 Jun 2020 04:51 PM (IST)Updated: Mon, 22 Jun 2020 05:29 PM (IST)
मंगलौर(हरिद्वार), जेएनएन। हरिद्वार जिले के नारसन बॉर्डर पर एक दूल्हे को पुलिसकर्मियों ने रोक लिया। उसके पास सूबे में आने की अनुमति नहीं थी। वहीं, बरातियों की संख्या भी 20 से अधिक थी। दूल्हा काफी देर तक गिड़गिड़ाता रहा, लेकिन उसे वापस लौटा दिया गया।
दरअसल, सोमवार दोपहर को उत्तरप्रदेश के मुजफ्फरनगर से एक बरात नारसन बॉर्डर पर पहुंची। बरात में 20 से अधिक बराती शामिल थे। इस पर पुलिस और राजस्व कर्मियों की टीम ने बरात को वहीं पर रोक लिया। उनसे बरात को लाने की अनुमति मांगी गई, लेकिन वह किसी तरह की अनुमति नहीं दिखा पाए। इस दौरान ड्यूटी पर मौजूद उप निरीक्षक डीएस बिष्ट ने बताया कि उत्तराखंड में आने के लिए अनुमति की जरूरत होती है। इसलिए बिना अनुमति प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
दूल्हा काफी देर तक वहां पर गिड़गिड़ता रहा। तब तक मंगलौर से भी कुछ लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने भी गुहार लगाई कि बरात को आने दिया जाए। घर पर सभी तैयारियां हो चुकी हैं। निकाह के बाद बरात को वापस भेज दिया जाएगा, लेकिन पुलिस ने बिना अनुमति बरात को वापस कर दिया। आपको बता दें कि इससे पहले भगवानपुर बॉर्डर से भी पुलिस ने इसी तरह से एक बरात को वापस कर दिया था।
कोरोना जांच को आए युवक ने किया हंगामा
कोरोना वायरस की जांच के लिए अस्पताल आया एक युवक भड़क उठा। युवक ने लाइन से लोगों की जांच न होने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सिविल अस्पताल रुड़की के प्रथम तल पर कोरोना की जांच के लिए ओपीडी बनाई गई है। सोमवार को बाहर से आए लोगों की दो कतार लगी हुई थी। इसमें कुछ लोग जांच कराने आए थे, जबकि कुछ लोग 14 दिन का क्वारंटाइन अवधि पूरी करने के बाद फिटनेस लेने के लिए आए थे।
चिकित्सक एक-एक व्यक्ति को बुलाकर उनके स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ले रहे थे। इसके बाद उनके सैंपल या फिर क्वारंटाइन के लिए बोला जा रहा था। तभी लाइन में लगा एक युवक भड़क गया। वह जोर-जोर से बोलने लगा। युवक का कहना था कि वह लोग सुबह से लाइन में लगे हैं। लाइन के अनुसार लोगों को नहीं बुलाया जा रहा है। युवक के हंगामा करने पर वहां तैनात पुलिसकर्मी और चिकित्सकों ने उसे शांत कराया।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें