140 तीर्थयात्रियों का जत्था चारधाम यात्रा को रवाना
जागरण संवाददाता हरिद्वार टैक्सी मैक्सी ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन की ओर से सोमवार को जिले से तीथ
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: टैक्सी मैक्सी ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन की ओर से सोमवार को जिले से तीर्थयात्रियों का दूसरा जत्था चारधाम यात्रा के लिए रवाना किया गया। मंदिर में पूजा अर्चना के बाद तीर्थयात्रियों को ले जाने वाले वाहनों का पूजन भी पुजारी ने किया। इसके बाद एसोसिएशन के अध्यक्ष गिरीश भाटिया और अन्य पदाधिकारियों ने जत्थे में जाने वाले 140 यात्रियों का माला पहनाकर पहले पड़ाव यमुनोत्री के लिए रवाना किया।
विल्बकेश्वर मंदिर पर जुटे यात्रियों ने सुबह मंदिर में पूजा अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। इसके बाद उनके वाहनों का पूजन मंदिर के पुजारी ने किया। नारियल तोड़कर यात्रियों की सफल यात्रा की कामना की। एसोसिएशन के अध्यक्ष गिरीश भाटिया ने बताया अलग अलग वाहनों से कुल 140 तीर्थयात्रियों के जत्थे को चारधाम यात्रा के कुल नौ दिन की यात्रा पर भेजा जा रहा है। पहले यात्री यमुनोत्री पहुंचेंगे यहां से गंगोत्री होते हुए केदारनाथ और फिर बदरीनाथ का दर्शन कर हरिद्वार के लिए लौटेंगे। तीर्थयात्रियों में गुजरात के अहमदाबाद से आए शेखर सिंह जड़ेजा पत्नी मीना और बिटिया शिखा के साथ चारधाम पर निकले। उन्होंने बताया कि यात्रा पर जाने के नाम से ही मन में आध्यात्मिक शांति मिल रही है। बताया कि वह हर दो साल में एक बार यात्रा के लिए जाते हैं। दिल्ली के राकेश ने बताया वह पहली बार चारधाम यात्रा पर जा रहे हैं। यह एक सुखद अनुभव है। वहीं उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से महेश शर्मा और शामली जिले के सोनू भी तीर्थयात्रियों में शामिल रहे। यात्रियों को रवाना करने के समय एसोसिएशन के पदाधिकारियों में सचिव संजय शर्मा, उप सचिव चंद्रकांत शर्मा, कैशियर इकबाल सिंह, प्रचार मंत्री अनूप मनोचा, अवतार सिंह आदि उपस्थित रहे।
पॉलीथिन का प्रयोग न करने को किया जागरूक
चारधाम यात्रियों को यात्रा के दौरान पॉलीथिन का प्रयोग न करने को एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने जागरूक किया। साथ ही रास्ते में कहीं भी खाने की सामग्री के रैपर, पैकेट आदि न फेंकने को भी कहा। साथ ही तीर्थयात्रियों को ले जाने वाले चालकों को एक-एक कपड़े से बना थैला दिया। जिससे वह वाहन में खाने के बाद खाली पैकेट आदि उसी में रखें। जिससे स्वच्छ भारत का सपना साकार हो सके।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप