बुखार से पीड़ित 17 मरीजों में 14 को डेंगू
संवाद सहयोगी रुड़की सिविल अस्पताल रुड़की में उपचार कराने आए बुखार से पीड़ित 17 मरीजों
संवाद सहयोगी, रुड़की: सिविल अस्पताल रुड़की में उपचार कराने आए बुखार से पीड़ित 17 मरीजों में से 14 में डेंगू की रैपीड जांच पॉजिटिव आई है। मरीजों का उपचार शुरू कर दिया गया है। वहीं दो मरीजों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें अस्पताल के डेंगू वार्ड में भर्ती कराया गया है। शुक्रवार को पांच मरीजों में डेंगू के लक्षण मिले थे।
सिविल अस्पताल रुड़की में शनिवार को उपचार के लिए पहुंचे बुखार से पीड़ित 17 मरीजों की डेंगू की रैपीड जांच कराई गई। जांच में 14 मरीजों में डेंगू के लक्षण पाए गए। इन मरीजों के खून के सैंपल एलाइजा जांच के लिए हरिद्वार भेजे गए। वहीं दो मरीजों की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें अस्पताल के डेंगू वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया है। सभी मरीज अलग-अलग क्षेत्रों के रहने वाले हैं। वहीं अस्पताल की पैथोलॉजिस्ट डॉ. रितु खेतान ने बताया कि जिन मरीजों में डेंगू की रैपीड जांच पॉजिटिव आई है। उनके खून के सैंपल को एलाइजा जांच के लिए हरिद्वार भेजा गया है। छापुर गांव में अब तक डेंगू से 12 की मौत
जिले में डेंगू का प्रकोप बना हुआ है। डेंगू का सबसे ज्यादा प्रकोप छापुर गांव में है। अब तक 12 ग्रामीणों की मौत डेंगू से हो गई। वहीं शनिवार को जिन 14 मरीजों में डेंगू के लक्षण पाए गए उनमें चार छापुर गांव से हैं। छापुर गांव के बच्चे की लुधियाना में मौत
भगवानपुर: छापुर गांव निवासी अफान (02) की मौत हो गई है। अफान अपने पिता के साथ लुधियाना में रहता था। बताया गया है कि कुछ दिन पहले वह खेलते समय गिर गया था। जिससे उसे काफी चोट आई थी। इसके बाद उसे तेज बुखार हो गया। शुक्रवार रात को उसकी लुधियाना में ही मौत हो गई थी। परिजन उसके शव को छापुर गांव लेकर पहुंचे। उधर, भगवानपुर थाने की मैस के एक कुक को भी डेंगू बुखार हो गया है। कुक को उपचार के लिए आरोग्यम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।