इस दंपती ने बेटी संग की उल्टी पदयात्रा, दिया जनसंख्या नियंत्रण का संदेश
मेरठ के तलवार दंपती ने ऋषिकेश में उल्टी पदयात्रा कर जनसंख्या नियंत्रण का संदेश दिया। उन्होंने 1994 में उन्होंने मेरठ से उल्टी पद यात्रा की शुरुआत की थी।
ऋषिकेश, [जेएनएन]: मेरठ के दंपती दिनेश और दिशा तलवार ने अपनी बेटी सिमरन के साथ बढ़ती जनसंख्या के प्रति लोगों का ध्यान आकर्षित करने के लिए ऋषिकेश में पांच किलोमीटर उल्टी पद यात्रा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि जनसंख्या पर अंकुश के लिए भारत में भी चीन की तर्ज पर सख्ती की जानी चाहिए।
स्वर्गाश्रम स्थित राम झूला में शुक्रवार को दिनेश और दिशा तलवार ने पद यात्रा के बाद लोगों को जनसंख्या विस्फोट के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बताया कि ये उनकी 128वीं उल्टी पैदल यात्रा है। मेरठ में हरिनगर के रहने वाले दिनेश तलवार का डिपार्टमेंटल स्टोर है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक यात्रा में वह अधिकतम पांच किलोमीटर उल्टा चलकर लोगों को जनसंख्या नियंत्रण का संदेश देते हैं। शनिवार को उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर में उल्टी पैदल यात्रा की।
उन्होंने बताया कि 1994 में उन्होंने मेरठ से उल्टी पद यात्रा की शुरुआत की थी। इसके अलावा इस मुद्दे को लेकर वह 80 बार जंतर-मंतर पर उपवास कर चुके हैं। वर्ष 2010 में उन्होंने 365 दिन प्रधानमंत्री को पत्र भेजकर बढ़ती जनसंख्या पर रोक के लिए कानून बनाने की मांग की।
तलवार दंपती ने बताया कि वह अब तक प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, सभी राज्यों के राज्यपाल और मुख्यमंत्रियों को पांच हजार ज्ञापन भेज चुके हैं। हालांकि, कहीं से कोई जवाब नहीं आया। दिशा तलवार ने कहा कि हम दो हमारे दो और छोटा परिवार सुखी परिवार जैसे नारे अब गुम हो गए हैं।
यह भी पढ़ें: केदारनाथ यात्रा के पड़ाव गौरीकुंड में गौरामाई मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद
यह भी पढ़ें: शीतकाल के लिए बंद हुए केदारनाथ और यमुनोत्री के कपाट
यह भी पढ़ें: विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट बंद, अब मुखवा में होगी शीतकालीन पूजा