देवता की स्तुति कर परिवार की खुशहाली की कामना की
संवाद सूत्र चकराता जौनसार-बावर के चालदा महासू मंदिर मोहना में 12 खतों के ग्रामीणों ने बिस्सू मेला मनाया। इसके अलावा देवघार खत के शेडकुडिया महाराज मंदिर रायगी में भी बिस्सू मेला मनाया गया।
संवाद सूत्र, चकराता: जौनसार-बावर के चालदा महासू मंदिर मोहना में 12 खतों के ग्रामीणों ने बिस्सू मेला मनाया। इसके अलावा देवघार खत के शेडकुडिया महाराज मंदिर रायगी में भी बिस्सू मेला मनाया गया। जिसमें ग्रामीणों ने युद्ध कौशल के प्रतीक स्वरूप ठोडा नृत्य की प्रस्तुति से देवता की स्तुति की। श्रद्धालुओं ने देवता से खुशहाली की कामना की।
बैशाखी की संक्राति के पहले दिन जौनसार के मोहना गांव स्थित चालदा महासू मंदिर व रायगी स्थित शेडकुडिया महाराज मंदिर में बिस्सू मेला मनाया गया। चालदा महासू पिछले दो साल से प्रवास पर मोहना मंदिर में विराजमान हैं। पिछले बार लॉकडाउन की वजह से यहां बिस्सू नहीं मनाया गया। देव परंपरा के अनुसार इस बार जौनसार के मोहन खत, द्धार, अठगांव, विशलाड़, बोंदूर, बणगांव, समाल्टा, उपलगांव व चार खत कंडमाण समेत कुल 12 खतों ग्रामीणों ने ढोल-दमाऊ के साथ चालदा महासू के दर्शन करने मोहना मंदिर पहुंचे। कारसेवकों ने ग्रामीणों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। ग्रामीणों ने ढोल-दमोऊ की थाप पर हारुल व लोक गीतों पर जौनसारी तांदी-नृत्य की प्रस्तुति से चालदा महासू की आराधना की। ग्रामीणों ने देवता के दर्शन कर मनौती मांगी। इस मौके पर शांठीबिल के बजीर दीवान सिंह राणा, स्याणा जगवीर सिंह, स्याणा संदीप चौहान, पूर्व क्षेत्रपंचायत सदस्य बर्फ सिंह चौहान, वरिष्ठ कांग्रेस नेता नरेंद्र सिंह राणा, महेंद्र सिंह चौहान, शूरवीर सिंह, रजनीश पंवार व बलदेव सिंह आदि मौजूद रहे।
रायगी में शेडकुडिया महाराज के दर्शन को जुटे श्रद्धालु:
चकराता: देवघार खत के रायगी गांव मंदिर में शेडकुडिया महाराज की देव पालकी को बिस्सू मेले के दिन मंदिर के गर्भगृह से बाहर निकाला गया। लोग परंपरागत वाद्य यंत्र रणसिंघा व ढोल दमाऊ के साथ रायगी मंदिर पहुंचे। ग्रामीणों ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर देव पालकी के दर्शन किए। ग्रामीणों ने लोक नृत्य की प्रस्तुति से शेडकुडिया महाराज की स्तुति की। श्रद्धालुओं ने बुरांस के फूल चढ़ाए और शेडकुडिया महाराज से आशीर्वाद लिया। इसके अलावा बावर व बंगाण क्षेत्र से भी लोग बड़ी संख्या में शेडकुडिया महाराज के दर्शन करने रायगी मंदिर पहुंचे। इस मौके पर शेडकुडिया महाराज के बजीर हरिचंद शर्मा, मंदिर समिति के अध्यक्ष सूरतराम जोशी, सचिव दीवानचंद्र शर्मा, संरक्षक स्याणा कृपाल सिंह राणा, कोषाध्यक्ष जगत सिंह चौहान, देवमाली रतन सिंह रांटा, सूरतराम शर्मा, केदार सिंह रावत, मोहनलाल शर्मा आदि मौजूद रहे।
बिस्सू में आकर्षण का केंद्र बना ठोडा नृत्य:
चकराता: जौनसार-बावर में प्रतिवर्ष अप्रैल माह में आयोजित होने वाले बिस्सू मेले में ठोडा नृत्य का विशेष महत्व है। जौनसार के चालदा महासू मंदिर मोहना व देवघार खत के शेडकुडिया महाराज मंदिर रायगी में बिस्सू का जश्न मनाने आए ग्रामीणों ने युद्ध कौशल के प्रतीक स्वरूप ठोडा नृत्य की प्रस्तुति से नई पीढ़ी को जौनसार कीसंस्कृति से अवगत कराया। ग्रामीणों ने परंपरागत ऊनी वस्त्र जंघेल पहन कर तीर-कमान से एक दूसरे पर निशाना साधा।